धर्म-अध्यात्म

विवाह एक पवित्र संस्कार है, दिखावे व आडंबर से बचें- पं. देवराज शर्मा

Share

श्रीराम कथा में गूंजे सियाराम के जयकारे, राम-सीता विवाह प्रसंग में भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

देवास। श्री सूर्य विजय हनुमान मंदिर परिसर में चल रही श्रीराम कथा के दौरान मंगलवार को भगवान श्रीराम और माता सीता के पावन विवाह का भावपूर्ण प्रसंग प्रस्तुत किया गया। आचार्य पं. देवराज शर्मा के मुखारविंद से कथा श्रवण कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। भजनों और मंगल गीतों के साथ जैसे ही विवाह प्रसंग आगे बढ़ा, पूरा पंडाल जय-जय सियाराम के उद्घोष से गूंज उठा।

कथा के दौरान आचार्य पं. देवराज शर्मा ने भगवान श्रीराम के मनोहारी स्वरूप और विवाह प्रसंग का सजीव वर्णन किया। उन्होंने बताया कि जब भगवान श्रीराम की बारात जनकपुरी पहुंची, तब राजा जनक ने दाल-चावल से बारात का स्वागत किया। यह प्रसंग समाज को यह संदेश देता है कि वर और वधू पक्ष दाल-चावल की तरह एक-दूसरे के पूरक बनकर सदैव साथ रहें। आचार्य श्री ने विवाह समारोहों में बढ़ते आडंबर और दिखावे पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे धर्मग्रंथों में विवाह को एक पवित्र संस्कार माना गया है, जिसे पूर्ण सादगी और मर्यादा के साथ संपन्न किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिखावा और अनावश्यक खर्च विवाह की मूल भावना को कमजोर करता है।

कथा के दौरान आचार्य श्री ने आजकल जन्मदिन मनाने के बदलते तरीकों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में मोमबत्ती बुझाकर केक काटने की परंपरा नहीं है। जन्मदिन भगवान के श्रीचरणों में दीप प्रज्वलित कर और उनका आशीर्वाद लेकर मनाया जाना चाहिए। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सबसे पहले स्वयं में परिवर्तन आवश्यक है। विवाह प्रसंग में भजनों और मंगल गीतों के बीच कथा स्थल भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। भजनों पर महिलाएं भाव-विभोर होकर नृत्य करती नजर आईं। श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

कथा श्रवण के लिए अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ के अध्यक्ष दिनेश मिश्रा, संजय शुक्ला, महेंद्र स्थापक, मयंक शर्मा, रोहित उपाध्याय, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, जनता बैंक के पूर्व अध्यक्ष मदनलाल कहार, पार्षद शीतल गेहलोद, अपर्णा जोशी, अखिल भारतीय महिला मंडल की प्रतिभा शर्मा, आशा शर्मा, रोशनी उपाध्याय, मंगला पांडे, कुसुम शर्मा, अभा सर्व समाज महिला मंडल की दीपा सोनी, रेखा गुप्ता, इंदु सोमानी, योगिता महाजन और अंजना सोनी, महिला मंडल की अनीता जमनालाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। यह जानकारी महिला मंडल की विनिता व्यास ने दी।

Back to top button