नई दिल्ली में “गौरवशाली उपलब्धियों का उत्सव 2026” में उन्नत खेती के लिए धर्मेंद्रसिंह राजपूत सम्मानित

नई दिल्ली। संस्था इनफॉर्म ह्यूमन ने नई दिल्ली में गौरवशाली उपलब्धियों का उत्सव कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया।
उन्नत एवं मिश्रित खेती, नरवाई न जलाने की पहल और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए युवा कृषक धर्मेंद्र सिंह राजपूत को किसान नेतृत्व सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हाटपिपलिया विधायक मनोज चौधरी रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन, इंदौर से राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त पं. योगेंद्र महंत, ज्योतिष एचएस रावत, बागली नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कमल यादव, हाटपिपल्या नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अरुण राठौड़ एवं प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अनिलराज सिंह सिकरवार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आयोजक राजेश व्यास द्वारा अतिथियों के साथ मुख्यमंत्री से सम्मानित युवा कृषक धर्मेंद्रसिंह राजपूत को प्रतीक चिन्ह एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी पहल अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद धर्मेंद्रसिंह ने कहा कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ उन्नत और मिश्रित खेती को अपनाना चाहिए। नरवाई जलाना पर्यावरण और जमीन दोनों के लिए हानिकारक है, इसलिए इसे बंद कर वैकल्पिक उपाय अपनाना जरूरी है। खेती के साथ समाज सेवा भी हमारी जिम्मेदारी है। यदि किसान जागरूक होकर काम करें, तो वे न केवल अपनी आय बढ़ा सकते हैं बल्कि समाज और पर्यावरण की भी रक्षा कर सकते हैं।
इस गौरवशाली उपलब्धि पर आरती रालोती, विमल नागर, शेरसिंह, जगपालसिंह सिकरवार, वीरेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।




