स्पोर्टस

रांची में खातेगांव के खिलाड़ी देव मीणा व नितिका आक्रे का शानदार प्रदर्शन, अब एशिया में दिखेगा हुनर

Share

 

देवास। मध्यप्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी देवास जिले के विकासखंड खातेगांव निवासी देव मीणा ने 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता 2026 में पुरुष पोल वॉल्ट स्पर्धा में 5.45 मीटर की शानदार छलांग लगाकर स्वर्ण पदक एवं नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया।

देव मीणा ने 5.25 मीटर के निर्धारित क्वालीफाइंग मार्क को पार करते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई किया। साथ ही 5.45 मीटर के एशियन गेम्स क्वालीफाइंग मानक को भी हासिल कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया।

इसी प्रकार खिलाड़ी नितिका आक्रे ने महिला पोल वॉल्ट स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 4.10 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक अपने नाम किया। नितिका ने अपने शानदार प्रदर्शन से 4.10 मीटर के निर्धारित क्वालीफाइंग मानक को हासिल करते हुए एशियन गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई किया।

 

साथ ही उन्होंने 9 से 12 जुलाई 2026 तक ओरडोस (चीन) में आयोजित होने वाली प्रथम एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भी अपनी जगह सुनिश्चित की। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 22 से 25 मई 2026 तक रांची में आयोजित हुई।

मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं-
सीएम मध्यप्रदेश के अकाउंट से पोस्ट में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रांची में आयोजित 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश व देश का गौरव बढ़ाया है… पुरुष पोल वॉल्ट स्पर्धा में अकादमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी देव मीणा ने 5.45 मीटर की ऊंचाई पार कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया और राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित कर इतिहास रच दिया। वहीं कुलदीप कुमार ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।

दोनों खिलाड़ियों ने 5.25 मीटर के कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 क्वालिफाइंग मार्क को पार कर प्रतियोगिता के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की। साथ ही, 5.45 मीटर के प्रदर्शन के साथ एशियन गेम्स के क्वालिफाइंग मानक को भी प्राप्त किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए दोनों खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को बधाई व आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं: CM

Back to top button