भीषण गर्मी में बिजली कटौती

कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, दी आंदोलन की चेतावनी
भौंरासा (मनोज शुक्ला)। क्षेत्र में हो रही अघोषित बिजली कटौती और लगातार जारी लोड शेडिंग से परेशान जनता की समस्या को लेकर सोमवार को कांग्रेस कमेटी ने ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने कार्यपालन यंत्री मंसूर अली को ज्ञापन देकर तीव्र गर्मी में हो रही बिजली कटौती पर कड़ा विरोध जताया।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बिना पूर्व सूचना के घंटों तक बिजली काटी जा रही है, जिससे बच्चों, महिलाओं और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि “लोड शेडिंग” के नाम पर की जा रही यह अघोषित कटौती मनमानी प्रतीत होती है, जिसे तुरंत रोका जाना चाहिए।
कांग्रेस प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली कटौती की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्र में बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मिथुन यादव, नगर कांग्रेस, युवक कांग्रेस, किसान कांग्रेस, सेवादल, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




