धर्म-अध्यात्म

भगवान नृसिंह की साढ़े सात किलो चमत्कारी पाषाण प्रतिमा भमौरी नदी में तीन बार तैराई

Share

 

पाषाण प्रतिमा नदी में दो बार तैरी, लोगों की धारणा है आठ महीने सुख-समृद्धि वाले रहेंगे

नृसिंह घाट पर हजारों की संख्या में जन सैलाब पहुंचा

हाटपीपल्या (नरेंद्र ठाकुर)। भगवान नृसिंह की साढ़े सात किलो वजनी चमत्कारी पाषाण प्रतिमा नृसिंह घाट भमौरी नदी में नृसिंह मंदिर के पुजारी मोहनदास वैष्णव द्वारा हजारों की संख्या में मौजूद जनसैलाब के समक्ष तीन बार तैराई गई। पहली बार अच्छी तैरी, दूसरी बार थोड़ी देर तक व तीसरी बार में डूब गई। बरसते पानी में हजारों की संख्या में मौजूद जनसैलाब ने भगवान नृसिंह की पाषाण प्रतिमा को तैरते हुए देखा।

भगवान नृसिंह की प्रतिमा दो बार तैरने के पीछे लोगों की धारणा है कि वर्ष में आठ महीने सुख-समृद्धि वाले रहेंगे। नदी पर बरसते हुए पानी में भगवान नृसिंह की प्रतिमा को भमोरी नदी में तैरते हुए देखने के लिए नृसिंह घाट पर हजारों की संख्या में लोग आए।

भगवान नृसिंह की पाषाण प्रतिमा तैराई जाने के पहले भगवान नृसिंह के मंदिर से दोपहर 3 बजे नगर के सभी मंदिरों के डोले एकत्रित होकर भगवान नृसिंह के डोल के साथ चल समारोह में गाजे-बाजे के साथ व श्रीराम व्यामशाला, बजरंग व्यायामशाला एवं दुर्गा वाहिनी की बहनों द्वारा अपने-अपने अखाड़े के कलाकारों के साथ हैरतगंज करतब दिखाए। चल समारोह नृसिंह घाट पर 5.30 बजे पहुंचा।

सभी मंदिरों के पुजारियों एवं सेवादारों द्वारा अपने-अपने डोल को भमौरी नदी में तैराया। सभी डोलो के बाद में भगवान नृसिंह के डोल को नदी झुलाने के बाद भगवान नृसिंह की आरती पुजारी द्वारा की गई। भगवान नृसिंह को माला पहनाने की सर्वाधिक बोली 55 हजार रुपए की पार्षद महेंद्र यादव ने लगाकर भगवान नृसिंह की पाषाण प्रतिमा को परिवार सहित माला पहनाई। मंदिर के पुजारी मोहनदास वैष्णव द्वारा नदी में दीपक छोड़कर नदी का बहाव देखने के बाद भगवान नृसिंह की पाषाण प्रतिमा को नदी में तीन बार तैराया गया। भगवान नृसिंह की प्रतिमा तैराई जाने के साथ ही भगवान नृसिंह की जय-जय की घोष से बरसते पानी में आसमान गुंजायमान हो उठा।

हजारों की संख्या में घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं के लिए बैठने की व्यवस्था नगर परिषद द्वारा की गई। पुलिस प्रशासन, राजस्व विभाग, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा नृर्सिंग घाट पर व्यवस्था की गई। इस अवसर पर एसडीएम शिवम यादव, एसडीओपी सृष्टि भार्गव, तहसीलदार सोनम भगत, नगर परिषद अध्यक्ष चंद्रकांता अरुण राठौर, उपाध्यक्ष निर्भयसिंह तलैया, सीएमओ प्रमिला ठाकुर, थाना प्रभारी दीपक यादव, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, पूर्व ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक पटेल आदि मौजूद थे। संचालन नगर परिषद की तरफ से नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि अरुण राठौर व मंदिर समिति के मनोहर भाटिया ने किया। आभार मंदिर समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण सोनी ने माना।

Back to top button