देवास

माता-पिता के संस्कारों से मिलती है सफलता की उड़ान- बिनीत अग्रवाल

Share

 

सेना में लेफ्टिनेंट बने अंशुमान गुप्ता का नगर आगमन पर मां चामुंडा सेवा समिति ने किया स्वागत

देवास। शहर के लिए यह क्षण गौरव और गर्व से भरा रहा, जब शहर के होनहार युवा अंशुमान गुप्ता ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर राष्ट्रसेवा की राह चुनी। इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार का मान बढ़ाया, बल्कि पूरे नगर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

स्थानीय राधागंज दिव्यांश नगर निवासी अंशुमान गुप्ता का भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयन होने से परिवार, समाज और नगर में हर्ष की लहर दौड़ गई। वर्षों की मेहनत, अनुशासन और माता-पिता द्वारा दिए गए संस्कारों का परिणाम आज पूरे देवास के लिए प्रेरणा बन गया।

गृह नगर आगमन पर मां चामुंडा सेवा समिति द्वारा उनका नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम संत-महात्माओं संत पूर्णानंद जी महाराज एवं ब्रह्माकुमारी प्रेमलता दीदी के सानिध्य में तथा समिति संयोजक रामेश्वर जलोदिया के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट अंशुमान गुप्ता को शाल, श्रीफल, पगड़ी, चुन्नी एवं पुष्पमालाओं से सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह के उपरांत ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ संत-महात्माओं के सानिध्य में खुली जीप से नगर के प्रमुख मार्गों पर जुलूस निकाला गया। देशभक्ति और उत्साह से सराबोर यह जुलूस रणवीर हनुमान मंदिर पहुंचा, जहां विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान रणवीर हनुमानजी का आशीर्वाद लिया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी बिनीत अग्रवाल ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि जो संतान माता-पिता के आदर्शों, संस्कारों और अनुशासन का पालन करती है, वही जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचती है। उन्होंने कहा कि देशसेवा का अवसर सौभाग्यशालियों को ही मिलता है और लेफ्टिनेंट पद पर अंशुमान गुप्ता का चयन उनके दादाजी स्व. हरिकिशन गुप्ता, पिता मुकेश गुप्ता एवं माता वर्षा गुप्ता सहित पूरे परिवार, समाज और देवास नगर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों में राष्ट्रभक्ति और सेवा भाव के संस्कार विकसित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर समाजसेवी सरोजनी ओमप्रकाश गुप्ता, रामेश्वर जलोदिया, सुशील शिंदे, बीडी रावल, पीएस यादव, दिनेश सांवलिया, राजेश गोस्वामी, कमल चावला, रमेश विश्वकर्मा, अरस्तुल मधुर, इंदरसिंह गौड़, रणवीर हनुमान मंदिर समिति के पदाधिकारी, रामशरणं परिवार, कॉलोनीवासी एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन रामेश्वर जलोदिया ने किया तथा आभार प्रदर्शन विद्यांशु गुप्ता द्वारा व्यक्त किया गया।

 

Back to top button