धर्म-अध्यात्म

मौनी अमावस्या पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा के जल में किया पावन स्नान

Share

 

बाबा सिद्धनाथ का जलाभिषेक कर मांगी सुख-समृद्धि

नेमावर (संतोष शर्मा)। माघ माह की पावन मौनी अमावस्या के अवसर पर धार्मिक नगरी नेमावर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।

इस पवित्र पर्व पर हजारों नर्मदा भक्तों ने मां नर्मदा के निर्मल जल में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया तथा सिद्धनाथ महादेव का विधिवत जलाभिषेक कर सुख, समृद्धि, धन-धान्य और परिवार की मंगलकामना की।

पूर्व संध्या से ही नर्मदा तट पर जुटने लगे श्रद्धालु-
पर्व स्नान के लिए हरदा, सीहोर, बैतूल, शाजापुर, आगर-मालवा, इंदौर सहित आसपास के कई जिलों से सैकड़ों श्रद्धालु वाहनों व पैदल यात्रा कर शनिवार को ही नेमावर पहुंच गए थे। श्रद्धालुओं ने नर्मदा तट पर रात्रि विश्राम किया। संध्या काल में दीपदान, मां नर्मदा की आरती तथा रात्रि में भजन-कीर्तन व जागरण का आयोजन हुआ, जिससे संपूर्ण तट भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।

प्रातः काल स्नान, भस्म आरती व पुष्प श्रृंगार के दर्शन-
रविवार तड़के श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा में स्नान कर बाबा सिद्धनाथ महादेव की भस्म आरती एवं प्रातःकालीन पुष्प श्रृंगार के दर्शन किए। इसके पश्चात गर्भगृह में पहुंचकर भगवान का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने ब्राह्मणों को दान-दक्षिणा भेंट की तथा नर्मदा तट पर बैठे जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, पका भोजन व फल का दान कर पुण्य अर्जित किया।

टी-पॉइंट पर जाम से श्रद्धालुओं को हुई परेशानी-
नर्मदा के नागर घाट की ओर जाने वाले टी-पॉइंट पर संकरे उतार मार्ग तथा हरदा-इंदौर मुख्य मार्ग पर बसों के रुकने से दिनभर बार-बार जाम की स्थिति बनती रही। इससे श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी से समय-समय पर जाम को नियंत्रित किया गया।

मंदिर में दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें-
सुबह भस्म आरती और पुष्प श्रृंगार दर्शन के बाद से ही सिद्धनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं, जो दोपहर तक बनी रहीं। भक्तों ने धैर्यपूर्वक भगवान के दर्शन कर स्वयं को धन्य किया।

अखंड भंडारे में हजारों ने ग्रहण की प्रसादी-
क्षेत्रीय विधायक पं. आशीष शर्मा के सानिध्य में वर्षों से मौनी अमावस्या पर्व पर आयोजित होने वाला अखंड भंडारा इस वर्ष भी सुबह से देर शाम तक निरंतर चलता रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर भोजन प्रसादी ग्रहण की। विधायक पं. आशीष शर्मा स्वयं अंत तक उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।

सुरक्षा और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम-
पर्व के दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन व अन्य थानों से आए जवानों द्वारा घाटों पर कड़ी निगरानी रखी गई। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए नावों पर तैराक दल तैनात किया गया। वहीं नगर प्रशासन के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल अग्रवाल, सीएमओ आनंदीलाल वर्मा एवं सफाईकर्मियों की टीम ने घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पार्किंग व्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं ने रखी मांग-
नर्मदा स्नान हेतु आए श्रद्धालुओं ने स्थानीय प्रशासन के समक्ष मांग रखी कि घाट के समीप की बजाय बस स्टैंड के पास रेणुका माता मंदिर के सामने स्थित जैन ग्राउंड में दोपहिया व चारपहिया वाहनों की स्थायी पार्किंग व्यवस्था की जाए। इससे हर पर्व पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और बस स्टैंड से सिद्धनाथ घाट तथा पुराने पुल मार्ग से आने वाले यात्रियों को सुगमता होगी। भविष्य में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए समय रहते ठोस व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई गई।

Back to top button