धर्म-अध्यात्म

व्यक्ति को मोह से मोक्ष की ओर ले जाती है भागवत कथा – पं. शर्मा

Share

 

कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुई श्रीमद भागवत कथा

देवास। हरिबोल उद्यान में रविवार से सार्वजनिक गयाजी तर्पण श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। सुबह 11 बजे श्री वेकुंठ धाम मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं व पुरुष शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच निकली यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

कलश यात्रा के पश्चात विधिवत पूजन-अर्चन के साथ भागवत कथा का आरंभ हुआ। कथा के प्रथम दिवस आचार्य पं. देवराज शर्मा ने श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला आध्यात्मिक मार्गदर्शन है। इसके श्रवण से मनुष्य के पापों का क्षय होता है और मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। पंडित जी ने बताया कि श्रीमद् भागवत महापुराण भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का अद्भुत संगम है, जो व्यक्ति को मोह से मोक्ष की ओर ले जाता है। कथा के माध्यम से जीवन में सत्य, प्रेम, करुणा और धर्म के भाव जागृत होते हैं।

आयोजकों के अनुसार कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। वहीं 28 दिसंबर को भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन श्री हरिओम सेवा समिति, श्री वेकुण्ठ धाम, श्री राधाकृष्ण सेवा समिति एवं श्री पित्रेश्वर महिला मंडल सेवा समिति के तत्वावधान में किया जा रहा है। श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर धर्मलाभ लेने की अपील की गई है।

Back to top button