आरोग्य के देवता धन्वंतरि की जयंती पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर में हुई विशेष पूजा-अर्चना

देवास। कार्तिक कृष्ण पक्ष त्रयोदशी के पावन अवसर पर आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।
मान्यता है, कि इस दिन भगवान धन्वंतरि समुद्र मंथन से अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे और उन्होंने मानवता को आयुर्वेद जैसे अनमोल विज्ञान का उपहार दिया था, जिससे जनमानस के रोगों का निदान और उपचार संभव हुआ।
इसी क्रम में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय क्षिप्रा में डॉ. सुभाषचंद्र भार्गव एवं उनके सहयोगियों द्वारा भगवान धन्वंतरि की विधिवत पूजन-अर्चन कर जयंती पर्व मनाया गया। इस अवसर पर सभी ने भगवान धन्वंतरि से जनमानस के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेद के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली और पारंपरिक औषधियों के उपयोग पर भी चर्चा की गई। उपस्थित जनों ने संकल्प लिया कि वे आयुर्वेदिक पद्धतियों को अपनाकर स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देंगे।




