तेज बारिश से ग्राम नारियाखेड़ा का रपटा उफना

मार्ग के दोनों ओर लगी ग्रामीणों की भीड़
सिरोल्या (अमर चौधरी)। क्षेत्र में शनिवार दोपहर को हुई तेज बारिश से ग्राम नारियाखेडा में स्थित रपटा शाम करीब 6 बजे उफान पर आ गया। जिससे मार्ग के दोनों ओर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। यह रपटा शुक्रवार को भी उफान पर आ गया था। जिसके चलते सैकड़ों ग्रामीण देर रात्रि तक रपटे के पास फंसे रहे।
शनिवार को भी करीब 30 गांवों का सम्पर्क आवाजाही में बंद हो गया। देवास-डबलचौकी मुख्य मार्ग होने से बड़ी संख्या में ग्रामीण आवाजाही करते हैं। बहाव तेज होने से रपटे के पास पानी कम होने के लिए ग्रामीण इंतजार कर रहे थे। ग्राम पंचायत नारियाखेड़ा के सरपंच अश्विन चौधरी ने बताया कि यह रपटा जरा सी बारिश में ही उफान पर आ जाता है। आषाढ मास की बारिश के साथ ही मावठे की बारिश में भी रपटा उफान पर होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का धनतेरस का पर्व रपटा उफान पर होने से फीका पड़ गया।
डबलचौकी से देवास जा रहा एक ट्रक बहाव तेज होने से रपटे के बीच के हिस्से में ही फंस गया। शासन – प्रशासन की अनदेखी के चलते ग्रामीण वर्षों से इस परेशानी से जूझ रहे हैं। पूर्व में रपटे से कुछ लोग बह भी गए हैं। साथ ही जनहानि भी हो गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि शीघ्र ही प्रशासन आवश्यक कदम उठाकर रपटे को बड़ा पुलिया बनाने के लिए टैंडर लगाएं ताकि ग्रामीणों का आवागमन सुलभ हो सके।




