पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी में शामिल फरार आरोपी को किया गिरफ्तार

– देवास पुलिस की सख्ती रंग लाई, 10 किलो से अधिक गांजा जब्त, तीन आरोपी अब सलाखों के पीछे
देवास। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने हेतु दिए गए सख्त निर्देशों के पालन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। देवास पुलिस की कार्रवाई समाज में नशे के खिलाफ चल रही लड़ाई में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक दीशेष अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी शशिकांत चौरसिया को विशेष कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
24 मार्च को औद्योगिक क्षेत्र पुलिस द्वारा रात्रि गश्त के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई थी, जिनके पास से 10.088 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। बरामद सामग्री की बाजार कीमत करीब 1,50,000 रुपए आंकी गई, वहीं मौके से एक मोटरसाइकिल (कीमत 70,000 रुपए) भी जब्त की गई थी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 292/2025, धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने एक और साथी श्याम पिता किशन गौड़, उम्र 25 वर्ष, निवासी टपरा पठारी, जिला रायसेन का नाम उजागर किया, जो घटना के समय से फरार चल रहा था।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस द्वारा सक्रिय मुखबिर तंत्र का सहारा लिया गया और सतत निगरानी के चलते अंततः आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
सराहनीय कार्य-
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया, उनि विजय जाट, राधेश्याम वर्मा, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र राणा, पूनम चारेल, शंभु एवं आरक्षक नरेन्द्र सिरसाम की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही, जिनकी तत्परता से एक गंभीर अपराध का पर्दाफाश हुआ।




