शिक्षा

पुष्पगिरी तीर्थ पर शिक्षक सम्मान महोत्सव

Share

 

सोनकच्छ विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने किया शिक्षकों का सम्मान

टोंकखुर्द (नन्नू पटेल)। शिक्षक दिवस के अवसर पर सोनकच्छ विधायक डॉ. राजेश सोनकर द्वारा सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों के शिक्षकों का शिक्षक सम्मान समारोह ‘शिक्षक महोत्सव’ के रूप में आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुष्पगिरी तीर्थ, सोनकच्छ में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में विधायक डॉ. राजेश सोनकर, विकास दवे (निदेशक, साहित्य अकादमी भोपाल), विष्णुप्रसाद आर्य (सहसचिव, विद्या भारती मालवा प्रांत) तथा लक्ष्मीनारायण जाट मंचासीन रहे। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विधायक डॉ. सोनकर ने सोनकच्छ विधानसभा के सभी शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्या भारती सहसचिव विष्णुप्रसाद आर्य ने अपने उद्बोधन में शिक्षक की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा का कार्य पवित्रतम कार्य है। शिक्षक केवल व्यक्ति निर्माण ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का भी कार्य करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक बनने का अवसर हर किसी को नहीं मिलता, यह दायित्व शिक्षक को श्रद्धा और जिम्मेदारी के साथ निभाना चाहिए।

विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज में गुरु स्वरूप होते हैं, जिनका योगदान सदैव स्मरणीय रहता है। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षक भावी पीढ़ी को गढ़ने का कार्य करता है। डॉ. सोनकर ने इस अवसर पर उच्च अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का भी सम्मान किया।

विकास दवे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के समय में शिक्षक का दायित्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि चाणक्य ने अपनी शिक्षा से चंद्रगुप्त को तैयार किया, शिक्षक की गोद में प्रलय और निर्माण दोनों पलते हैं।

इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और शिक्षक उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से भूपेन्द्र गुप्ता, आकाश जैन, गौवर्धन शर्मा, प्रकाश राजेश्वर, एल. पेठारी (बीईओ सोनकच्छ), डामेचा (बीईओ टोंकखुर्द), रणधीर सिंह, ग्राम भारती शिक्षा समिति आचार्य दीदी सहित सोनकच्छ एवं टोंकखुर्द क्षेत्र के सेवानिवृत्त एवं निजी विद्यालयों के शिक्षक शामिल हुए।

कार्यक्रम का संचालन ग्राम भारती शिक्षा समिति के जिला प्रमुख जसपाल सिंह सेंधव ने किया।

Back to top button