लापरवाही पाई जाने पर डीई को नोटिस देने के निर्देश

बिजली कंपनी के एमडी अनूप कुमार सिंह ने ली मीटिंग
-थर्मोविजन कैमरे का उच्चदाब लाइनों पर नियमित उपयोग किया जाए
इंदौर। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक (एमडी) अनूप कुमार सिंह ने बुधवार को कंपनी क्षेत्र के 80 से ज्यादा इंजीनियरों की पोलोग्राउंड इंदौर स्थित सभागार में मीटिंग ली।
श्री सिंह ने बिजली अधिकारियों को समय पर कार्य करने के प्रति चेताते हुए मुख्य महाप्रबंधक को सबसे पीछे स्थान पर मौजूद कार्यपालन यंत्रियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिलिंग एफिशिएंसी बढ़ाने, लॉस घटाने, ट्रिपिंग घटाने, नए कनेक्शन समय पर देने, शासन के निर्देश पालन में सरकारी कनेक्शनों को प्रीपेड मोड पर करने, ट्रांसफार्मरों की सेहत ठीक करने, उच्चदाब व निम्न दाब लाइनों के संधारण इत्यादि कार्यों पर फोकस रखने को कहा।
श्री सिंह ने सितंबर की लोक अदालत में अधिकाधिक प्रकरणों के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास करने, विजिलेंस के पुराने प्रकरणों की राशि वसूलने, केबल, ट्रांसफार्मर, तार स्टोर से प्राप्त करते वक्त समय पर इंट्री करने पर ध्यान देने के निर्देश दिए। एमडी श्री सिंह ने स्पष्ट किया कि जेई, एई, डीई, एसई सभी अपने मूल दायित्व निर्वहन पर फोकस रखेंगे तो शिकायतें घटेगी, कंपनी के प्रति छवि में सतत सकारात्मकता झलकेगी।
उन्होंने बिजली लाइनों विशेषकर उच्चदाब लाइनों के लिए थर्मोविजन कैमरों के उपयोग नियमित रूप से करने के निर्देश दिए, ताकि छोटे से रेड पाइंट का समय पर पता लगाकर सुधार कार्य समय पर किया जा सके, इससे लंबे समय बिजली बंद रखने की स्थिति से बचा जा सकेगा। इस दौरान इंदौर ग्रामीण वृत्त के अधीक्षण अभियंता डॉ. डीएन शर्मा एवं रतलाम के अधीक्षण अभियंता श्री मनोज शर्मा के कंपनी हित, उपभोक्ता सेवाओं, पारदर्शिता से संबंधित सुझावों की प्रशंसा की गई।
एमडी श्री सिंह नए कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को देने एवं संबंधित क्षेत्र के मीडिया ग्रुपों, सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर रहने और प्रतिमाह पांच बार रात्रिकालीन भ्रमण कर विभागीय व्यवस्थाएं और बेहतर करने के अधिकतम प्रयास करने को कहा।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक प्रकाशसिंह चौहान, कार्यपालक निदेशक गजरा मेहता, मुख्य अभियंता रवि मिश्रा, कामेश श्रीवास्तव, एसएल करवाड़िया, एसआर बमनके शहर अधीक्षण अभियंता डीके गाठे समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।




