दो साथियों को बचाया, तीसरे को बचाने गया तो खुद भी डूब गया: भैरवकुंड में दो युवकों की दर्दनाक मौत

उदयनगर (बाबू हनवाल)। जिले के भैरवकुंड में रविवार को हुए हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। इंदौर से पिकनिक मनाने आए युवाओं में से विवेक वर्मा नामक युवक ने पहले तो अपने दो दोस्तों को डूबने से बचाया, लेकिन जब एक अन्य युवक गौरव काचले को बचाने गहरे पानी में गया, तो न तो गौरव को बचा सका और न ही खुद लौट पाया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह दिल दहला देने वाला हादसा रविवार शाम हुआ, लेकिन रात होने से रेस्क्यू संभव नहीं हो सका। सोमवार सुबह दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए। विवेक पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव था, जबकि गौरव स्कूल का छात्र था।

जानकारी के अनुसार खुड़ैल थाना व उदयनगर थाना के बीच भैरवकुंड में नहाने के लिए रविवार को इंदौर के युवाओं का अलग-अलग समूह आया था। रामकृष्ण कालोनी इंदौर निवासी गौरव पिता राजेश काचले उम्र लगभग 18 वर्ष अपने दोस्त कृष्णा, सत्यम, आकाश, रोहित के साथ खजराना गणेश मंदिर में दर्शन के बाद शाम करीब 4 बजे आया था। एक अन्य समूह में अभिनंदन नगर इंदौर निवासी 26 वर्षीय विवेक ऊर्फ विक्की पिता भरत वर्मा अपने दोस्त योगेश, विकास व अन्य के साथ यहां आया था। विवेक तैरना जानता था।

इस दौरान विवेक के साथी योगेश व विकास कुंड में गहरे पानी में डूबने लगे तो विवेक ने फुर्ती दिखाते हुए उन्हें पानी से बाहर निकाला। इसी बीच उसे गौरव की चीख सुनाई दी, वह कुंड के गहरे पानी में डूबने से बचने के लिए छटपटा रहा था। विवेक तेजी से गौरव को बचाने के लिए पहुंचा। उसने गौरव का हाथ पकड़ा लेकिन पानी गहरा होने व सांस फूलने के कारण दोनों ही बाहर नहीं आ सके। दोनों को डूबता देख चीख-पुकार मच गई। रविवार होने से उस समय बड़ी संख्या में लोग थे, लेकिन विवेक व गौरव को बचा नहीं सके।

सोमवार सुबह 10 बजे विवेक का शव पानी से बाहर निकाला व करीब 11 बजे गौरव का शव बाहर निकाला गया। विवेक इंदौर में एमआर था, उसके पिता इंदौर के एमवाय अस्पताल के पास चाय का ठेला लगाते हैं। जबकि गौरव प्राइवेट स्कूल में 12वीं में पढ़ता था। उसके पिता मकान बनाने का काम करते हैं।

उदयनगर के शासकीय दवाखाना में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द किए गए।उदयनगर थाना प्रभारी सुनिता कटारे ने मर्ग कायम कर जांच प्रारम्भ की है।




