क्राइम

देवास पुलिस ने महज 23 घंटे में 16 लाख की मोबाइल चोरी का किया पर्दाफाश

Share

 

72 मोबाइल व 3 टैबलेट जब्त, आरोपी गिरफ्तार

आमजन-सहयोग और तकनीक बनी पुलिस की ताकत

देवास। देवास शहर की सड़कों पर जब सन्नाटा पसरा था, उसी दौरान एक मोबाइल दुकान को चोर ने अपना निशाना बनाया। लेकिन पुलिस की मुस्तैदी, तकनीक का बेहतर उपयोग और आमजन के सहयोग ने इस बड़ी चोरी को महज़ 23 घंटे में सुलझा दिया। पुलिस ने “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के अंतर्गत त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 16 लाख रुपये मूल्य के 72 मोबाइल और 3 टैबलेट बरामद कर लिए हैं।

Dewas police

20 जुलाई की सुबह फरियादी अमित कुमार राठौर, निवासी 15 गोल्डन सिटी, बालगढ़ रोड देवास, थाना कोतवाली पहुँचे और जानकारी दी कि उनकी दुकान “न्यू दीपक टेलीफोन”, भगत सिंह मार्ग पर बीती रात चोरी हो गई है। अज्ञात चोर ने दुकान के पीछे की चद्दर तोड़कर भीतर घुसकर विभिन्न कंपनियों के 72 मोबाइल फोन और रियलमी, रेडमी, मोटोरोला ब्रांड के 3 टैबलेट चुरा लिए।

पुलिस का त्वरित एक्शन-
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्यामचन्द्र शर्मा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुँचे और जांच प्रारंभ की। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल की निगरानी में कार्रवाई को तेजी से आगे बढ़ाया गया।

तकनीक और जनसहयोग का उपयोग-
घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की गई, जिसमें आरोपी की गतिविधियां कैद हुईं। फुटेज को देवास पुलिस के व्हाट्सएप कम्युनिटी ग्रुप में साझा किया गया, जिसके बाद मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपी की पहचान हुई।

गिरफ्तार आरोपी-
पियुष उर्फ पुरुषोत्तम पिता कैलाश सोनी, निवासी ग्राम जगोटी, थाना राघवी, जिला उज्जैन,
वर्तमान पता गणेशपुरी, बालगढ़ रोड, देवास

बरामद माल-
72 मोबाइल फोन व 3 टैबलेट। कुल अनुमानित कीमत 16 लाख रुपए

सराहनीय पुलिस टीम-
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही- थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा। उनि जीवन भिण्डोरे, सविन सोनगरा। प्रआर सुनील देथलिया, मनोज पटेल, हेमंत डाबी, रवि गरोड़ा। आरक्षक नवीन देथलिया, मनीष देथलिया। सायबर सेल टीम प्रआर सचिन चौहान, शिवप्रताप सिंह

पुलिस की अपील-

देवास पुलिस आमजन की सुरक्षा व अपराध नियंत्रण के लिए संकल्पित है। यदि आपको कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत निकटतम थाना या डायल 100 पर सूचना दें। आपकी सतर्कता, हमारी शक्ति है।

मोबाइल चोरी जैसी घटनाएं आम नागरिकों के लिए चिंता का विषय होती हैं, लेकिन देवास पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी-सामाजिक समन्वय ने साबित कर दिया कि अपराध कितनी भी चतुराई से क्यों न किया जाए, पुलिस की निगाह से नहीं बच सकता। “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” की यह सफलता देवास शहर के लिए एक मिसाल है।

Back to top button