गुरु पूर्णिमा महोत्सव में बच्चों ने भावुक अभिनय से छुआ सभी का दिल

– सतपुड़ा एकेडमी में गुरु को समर्पित अद्भुत आयोजन, बच्चों ने किया गुरुभक्ति पर आधारित नाटक का मंचन
देवास (दिनेश सांखला)। मक्सी रोड पर तुलजा विहार कॉलोनी में स्थित सतपुड़ा एकेडमी में गुरु पूर्णिमा महोत्सव बड़े उत्साह एवं धूमधाम के साथ मनाया गया।
गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में बच्चों ने गुरु की महिमा मंडित करते हुए गुरु धौम्य एवं उनके आज्ञाकारी शिष्य आरुणि के प्रसंग को नाटक के रूप में प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से यह बताया गया कि गुरु हमें अज्ञानता के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं। विद्यार्थियों ने गुरु द्रोणाचार्य, अर्जुन एवं एकलव्य के प्रसंग का भी सुंदर वर्णन किया।

सतपुड़ा वंडर किड्स के नन्हे मुन्ने बच्चों ने गुरु-शिष्य भक्ति की महिमा पर आधारित नाटय की सुंदर प्रस्तुति देते हुए गुरु-शिष्य परंपरा को दर्शाते हुए यह बताया, कि गुरु के द्वारा ही हमें ज्ञान प्राप्त होता है, गुरु ही हमें गोविंद के दर्शन कराते हैं। हमारे जीवन में गुरु का होना बहुत जरूरी है, इसलिए गुरु का स्थान सबसे ऊपर है। बच्चों ने गायत्री मंत्र का उच्चारण कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। यहां गुरु-शिष्य परंपरा पर गीत, कविता, भाषण की प्रस्तुति दी गई। बच्चों ने अपने गुरुजनों का मंगल तिलक कर श्रीफल, पुष्प भेंटकर सम्मान करते हुए आशीर्वाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में संस्था संचालक भानुप्रताप सिंह सेंधव, प्राचार्य वीएस जॉब, समिति सदस्य हरिसिंह सेंधव, उप प्राचार्य रश्मि रघुवंशी, पल्लवी भटनागर, शीतल शर्मा ने भारत माता माता, मां सरस्वती एवं गुरुजी के चित्र पर माल्यार्पण कर विधिवत पूजन-अर्चन के साथ दीप प्रज्वलित किया।




