स्मार्ट मीटरों ने सटीक गणना कर दिलाई 8.32 लाख बिलों पर पॉवर फैक्टर छूट

– अब तक 47 करोड़ की छूट, सबसे ज्यादा इंदौर में दी 34 करोड़ की रियायत
इंदौर। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए मददगार साबित हो रहे हैं। गैर घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं को 0.85 से उपर पॉवर फैक्टर गणना पर करीब एक रुपए यूनिट की छूट दी जाती है।
अब तक मालवा निमाड़ के उपभोक्ताओं के 8.32 लाख बिजली बिलों पर पॉवर फैक्टर छूट प्रदान की गई है। स्मार्ट मीटर की स्थापना से लेकर अब तक कुल 47 करोड़ की छूट पावर फैक्टर से संबंधित प्रदान की गई है।
मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि शासन, नियामक आयोग के आदेश पालन में प्रत्येक पात्र उपभोक्ताओं को नियमानुसार रियायत दी जा रही है। स्मार्ट मीटर भी संबंधित उपभोक्ता के यहां पॉवर फैक्टर रीड कर रिपोर्ट तैयार करते हैं। इसी रिपोर्ट के आधार पर मासिक जारी होने वाले बिलों में पात्रतानुसार छूट प्रदान की जा रही है।
प्रबंध निदेशक श्री सिंह ने बताया कि अब तक 8 लाख 32 हजार बिलों पर कुल 47 करोड़ रुपए की छूट दी जा चुकी हैं। इसमें से सबसे ज्यादा छूट इंदौर शहर में 6 लाख से ज्यादा बिजली बिलों पर 34 करोड़ रूपए की प्रदान की गई है।
स्मार्ट मीटरों की मदद से पॉवर फैक्टर गणना कर उज्जैन जिले में 4.20 करोड़, रतलाम जिले में 3.63 करोड़, खरगोन में 2.17 करोड़, देवास में 1.11 करोड़ की छूट दी गई है। अन्य जिले के नगरीय निकायों में भी स्मार्ट मीटरों ने पॉवर फैक्टर की सटीक गणना कर पात्र उपभोक्ताओं के बिजली बिल पर समय पर छूट दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हैं।
अब तक 12.55 लाख स्मार्ट मीटर
मालवा निमाड़ में अब तक करीब 12 लाख 55 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इसमें से सबसे ज्यादा स्मार्ट मीटर इंदौर शहर में लगे हैं। इंदौर के बाद उज्जैन, रतलाम में सबसे ज्यादा स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। रतलाम शहर कुछ सप्ताह में शत प्रतिशत स्मार्ट मीटर वाला पांचवां शहर घोषित हो जाएगा।



