शरद पूर्णिमा पर मंदिर में हुआ भंडारा

भक्तों ने श्रद्धा भाव से ग्रहण किया प्रसाद
क्षिप्रा। शरद पूर्णिमा के अवसर पर नगर के प्राचीन कालिका माता मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए और प्रसाद ग्रहण किया। देर शाम तक मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।

आयोजन में मंदिर पुजारी कमल बैरागी के निर्देशन में श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद भंडारे की शुरुआत की गई। आयोजन में रमू सेठ, कमल बंसल, राजेश बराना, मंगेश सोनी, शैलेंद्र भदौरिया, कृष्णा पांचाल, विनोद पांचाल, दिलीप प्रजापत, जितेंद्र प्रजापत, नयन, धर्मेंद्र सोलंकी, मनोज मित्तल, संजय, मनोज, राजन सेठ, दीपक, अर्पित, राजेंद्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग दिया।
मंदिर परिसर को फूलों और रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने मां के जयकारों के साथ भक्ति गीतों पर झूमकर उत्सव का आनंद लिया।
आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष शरद पूर्णिमा पर किया जाता है, जिसमें गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं।




