यज्ञ-हवन के मंत्रोच्चार से गूंज रही मां चामुंडा की पहाड़ी

चैत्र नवरात्रि में आस्था के साथ सेवा का अद्भुत संगम
देवास। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर मां चामुंडा की पहाड़ी इन दिनों भक्ति, आस्था और सेवा भाव से सराबोर है। सीढ़ी मार्ग स्थित उदासीन मठ पर मां चामुंडा सेवा समिति द्वारा आयोजित महायज्ञ-हवन ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया है।
यज्ञाचार्य पं. देवीशंकर तिवारी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि “जहां यज्ञ-हवन होता है, वहां स्वयं भगवान विराजमान होते हैं और मां लक्ष्मी की कृपा स्वतः बरसती है।” उनके सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालु प्रतिदिन आहुतियां देकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं।
मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा के दर्शन के लिए प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहाड़ी पर पहुंच रहे हैं। ऐसी मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मां के दरबार में हाजिरी लगाने वाले भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण होती है, यही वजह है कि नवरात्र के दिनों में यहां श्रद्धा का सैलाब उमड़ रहा है। इस धार्मिक आयोजन की खास बात केवल पूजा-पाठ ही नहीं, बल्कि सेवा कार्य भी है।
समिति संयोजक रामेश्वर जलोदिया के अनुसार, यज्ञ-हवन के साथ प्रतिदिन कन्या भोज का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, गर्मी को देखते हुए हजारों श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क फरियाली छाछ वितरण की व्यवस्था भी की गई है, जिसका लाभ बड़ी संख्या में भक्त उठा रहे हैं। सेवा पंडाल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ती है, जहां उन्हें श्रद्धा के साथ छाछ वितरित की जाती है। नवरात्र के इस पावन अवसर पर मां चामुंडा की पहाड़ी पर भक्ति, विश्वास और सेवा का यह अनूठा संगम हर किसी को आध्यात्मिक अनुभूति करा रहा है।
यज्ञ-हवन में मुख्य यजमान समाजसेवी प्रतापसिंह मेहता, समाजसेविका प्रज्ञा शुक्ला, नारायण दुर्गा व्यास, चेतन सीताराम गुप्ता, आनंद राणे, ऐके जोशी, रमेश पटेल, नरेंद्र मिश्रा, उम्मेदसिंह राठौड़, दिनेश सांवलिया, शशिकांत गुप्ता, दिलीप प्रजापति, शिवनारायण पाठक, राजेश गोस्वामी, अभिषेक अवस्थी ने आहुति डाली।
इस पुण्यमय कार्य में समिति की सेवाभावी मातृशक्ति प्रेमलता चौहान, मंजू जलोदिया, नम्रता तपस्वी, सुधा सोलंकी, सविता जाधव, देवकुंवर राठौड़, ललिता सांवलिया, शारदा गौड़, कला तंवर, रश्मि पांडेकर, राधेश्याम पड़ियार, वैभव पांचाल, अवधेश तिवारी सहित सामाजिक एवं धार्मिक संस्था पदाधिकारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।




