इंदौर

विद्युत कंपनी ने उज्जैन जिले में 191वां बिजली ग्रिड ऊर्जीकृत किया

Share

– तीन हजार ग्रामीण घरेलू व कृषि उपभोक्ता होंगे लाभान्वित

इंदौर। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उज्जैन जिले में आरडीएसएस के तहत 11वां बिजली ग्रिड उन्हेल के समीप करनावद में तैयार किया है। इसे प्रोटोकॉल के साथ ऊर्जीकृत कर दिया गया।

आरडीएसएस अंतर्गत करीब ढाई करोड़ रुपए से बने इस 33/11 केवी 5 एमवीए ग्रिड से करीब तीन हजार ग्रामीण घरेलू उपभोक्ता, कृषि उपभोक्ता लाभान्वित होंगे, इन्हें पहले से ज्यादा गुणवत्ता के सात बिजली मिलेगी। करनावद के इस ग्रिड को मिलाकर उज्जैन जिले में अब कुल 191 ग्रिड हो गए हैं।

इससे पहले मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उज्जैन जिले में आरडीएसएस के तहत 33/11 केवी के 5-5 एमवीए क्षमता के दो नए सब स्टेशन तैयार किए थे। उज्जैन ग्रामीण के तहत शंकरपुर और बड़नगर के लोहारिया के ये दोनों ही सब स्टेशन गत माह प्रोटोकॉल के तहत ऊर्जीकृत कर दिए गए।

कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि आरडीएसएस के तहत उज्जैन जिले के तीनों सब स्टेशन 2.50 करोड़, 2.62 करोड़, 1.88 करोड़ की लागत से तैयार किए गए हैं।

प्रबंध निदेशक श्री सिंह ने बताया कि शंकरपुरा सब स्टेशन से उज्जैन शहर के सीमावर्ती इलाकों के बिजली उपभोक्ताओं के साथ ही आगामी सिंहस्थ के श्रद्धालुओं को भी फायदा मिलेगा। वहीं लोहारिया के सब स्टेशन से ग्रामों के घरेलू उपभोक्ताओं के साथ ही कृषि उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।

इन सब स्टेशनों के निर्माण में मुख्य अभियंता बीएल चौहान, अधीक्षण अभियंता पीएस चौहान की सराहनीय भूमिका रही। उपरोक्त तीनों सब स्टेशन मिलाकर उज्जैन जिले में अब 33/11 केवी के कुल 191 सब स्टेशन हो चुके हैं।

Back to top button