देवास तक मेट्रो ट्रेन चलती तो आज नहीं उठाना पड़ता घाटा: कांग्रेस

देवास। इंदौर मेट्रो ट्रेन को लेकर कांग्रेस ने बड़ा सवाल खड़ा किया है। कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा ने कहा कि यदि शुरुआत से ही मेट्रो परियोजना को इंदौर के साथ देवास, पीथमपुर और महू तक जोड़ने की योजना बनाई जाती, तो आज मेट्रो कॉरपोरेशन को भारी आर्थिक नुकसान नहीं उठाना पड़ता।
उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में इंदौर में संचालित मेट्रो ट्रेन पर प्रतिदिन करीब 8 लाख रुपए खर्च हो रहे हैं, जबकि यात्रियों की संख्या बेहद कम है। स्थिति यह है कि रोजाना 100 यात्री भी ट्रेन में सफर नहीं कर रहे हैं। ऐसे में घाटे की भरपाई के लिए मेट्रो रेल कॉरपोरेशन अब ट्रेन को निजी आयोजनों के लिए किराए पर देने की तैयारी कर रहा है।
अब मेट्रो में होंगे बर्थडे और प्री-वेडिंग शूट
कांग्रेस नेता शर्मा ने कहा कि यात्रियों की कमी के चलते मेट्रो कॉरपोरेशन ने “Celebration on Wheels” नाम से नई व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत अब लोग चलती मेट्रो में बर्थडे पार्टी, वेडिंग एनिवर्सरी, प्री-वेडिंग शूट और फिल्म शूट जैसे आयोजन कर सकेंगे। इसके लिए शुल्क भी तय कर दिए गए हैं।
शर्मा ने इसे “हास्यास्पद स्थिति” बताते हुए कहा कि जिस मेट्रो ट्रेन को शहर की आधुनिक परिवहन व्यवस्था और जनता की सुविधा के लिए शुरू किया गया था, आज उसे कमाई के लिए सेलिब्रेशन स्थल बनाना पड़ रहा है।
“देवास से रोजाना 10 से 12 हजार लोग आते-जाते हैं”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने शुरुआत से ही सुझाव दिया था कि मेट्रो ट्रेन को केवल इंदौर शहर तक सीमित न रखकर देवास, महू और पीथमपुर जैसे बड़े औद्योगिक एवं आवागमन वाले क्षेत्रों से जोड़ा जाए।
शर्मा के अनुसार, अकेले देवास से ही प्रतिदिन करीब 10 से 12 हजार यात्री इंदौर आना-जाना करते हैं। इसके अलावा महू और पीथमपुर से आने वाले यात्रियों की संख्या अलग है। यदि इन क्षेत्रों को मेट्रो ट्रेन नेटवर्क से जोड़ा जाता, तो यात्रियों की संख्या बढ़ती और परियोजना आर्थिक रूप से भी सफल साबित होती।
कांग्रेस की मांग
कांग्रेस ने मांग की है कि अभी भी समय है। मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को देवास, महू और पीथमपुर को जोड़कर विस्तृत योजना पर काम करना चाहिए। इससे आम जनता को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और मेट्रो भी घाटे से बाहर निकल सकेगी।
👉 इससे पहले भी कांग्रेस मेट्रो ट्रेन और वंदे भारत ट्रेन को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है-
➡️ मेट्रोपॉलिटन में जब देवास शामिल है तो मेट्रो और वंदे भारत ट्रेन की सौगात शीघ्र दी जाए- कांग्रेस
➡️ देवास फिर उपेक्षित! जबलपुर में कम पैसेंजर फिर भी मेट्रो, देवास की अनदेखी पर कांग्रेस ने जताई नाराजगी




