पर्यटन

पर्यटन स्थल आगरा: एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर

Share

 

उत्तर प्रदेश का प्रमुख शहर आगरा न केवल भारत बल्कि विश्वभर के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। विश्व प्रसिद्ध ताजमहल यहां की पहचान है, जिसे मुग़ल सम्राट शाहजहां ने अपनी पत्नी मुमताज महल की याद में बनवाया था। यह संगमरमर से बनी इमारत प्रेम का प्रतीक मानी जाती है और यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल घोषित की गई है।

ताजमहल के अलावा आगरा में कई अन्य ऐतिहासिक और दर्शनीय स्थल हैं। आगरा का किला, जिसे लालकिला भी कहा जाता है। यह मुगल वास्तुकला का उत्कृष्ट उदाहरण है। इसके अतिरिक्त एत्माद्दौला का मकबरा, मेहताब बाग और अकबर का मकबरा (सिकंदरा) भी पर्यटकों को खासा आकर्षित करते हैं।

फतेहपुर सीकरी-
आगरा से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित एक ऐतिहासिक नगर है, जिसे मुगल सम्राट अकबर ने 16वीं शताब्दी में बसाया था। यह स्थान कुछ समय के लिए मुगल साम्राज्य की राजधानी भी रहा। फतेहपुर सीकरी की भव्य इमारतें इसकी शानो-शौकत की गवाही देती हैं।

यहां के प्रमुख दर्शनीय स्थल हैं:

बुलंद दरवाजा- विश्व की सबसे ऊंचे प्रवेश द्वारों में से एक।

पंच महल- पांच मंजिला हवेली जो शाही परिवार के आराम के लिए बनी थी।

दीवाने खास- जहां अकबर अपने विशेष मंत्रियों से विचार-विमर्श करते थे।

जोधाबाई महल- अकबर की राजपूत रानी के लिए निर्मित भव्य महल।

सलीम चिश्ती की दरगाह- सूफी संत की समाधि, जहां संतान प्राप्ति की मन्नतें मांगी जाती हैं।

आगरा का खानपान-

खानपान भी यहां की यात्रा को खास बनाता है। आगरा का पेठा, दालमोठ और सड़क किनारे मिलने वाले चाट पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।

आगरा कैसे पहुंचे?

आगरा देश के प्रमुख शहरों से सड़क, रेल और हवाई मार्ग से जुड़ा हुआ है। दिल्ली से आगरा की दूरी लगभग 230 किलोमीटर है और यमुना एक्सप्रेस-वे से सड़क मार्ग से 3-4 घंटे में पहुंचा जा सकता है। आगरा में आगरा कैंट रेलवे स्टेशन प्रमुख रेलवे स्टेशन है, और यहां से देशभर के लिए ट्रेनें उपलब्ध हैं। आगरा में एक घरेलू हवाई अड्डा भी है।

यात्रा का अनुमानित खर्च-
एक औसत बजट यात्रा में आगरा की 2-3 दिन की यात्रा में रहने, खाने और घूमने का खर्च लगभग 4000 से 8000 के बीच आ सकता है।

क्या देखें:

– ताजमहल
– आगरा किला
– एत्माद्दौला का मकबरा
– फतेहपुर सीकरी
– सिकंदरा
– मेहताब बाग

क्या खरीदें:

आगरा की प्रसिद्ध चमड़े की वस्तुएं, हस्तशिल्प, पत्थर की नक्काशी, और संगमरमर की छोटी प्रतिकृतियां पर्यटकों के बीच लोकप्रिय हैं। ताजमहल की मिनिएचर प्रतिकृति एक खास स्मृति चिन्ह मानी जाती है।

नजदीकी शहर:

मथुरा (60 किमी)- भगवान कृष्ण की जन्मभूमि।

वृंदावन (70 किमी)- कृष्ण भक्ति का प्रमुख केंद्र।

भरतपुर (55 किमी)- प्रसिद्ध पक्षी विहार।

ग्वालियर (120 किमी)- किला और संगीत परंपरा के लिए प्रसिद्ध।

आगरा न केवल ऐतिहासिक दृष्टि से बल्कि सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से भी एक समृद्ध शहर है। यदि आप भारत की विरासत, वास्तुकला और परंपराओं को करीब से देखना चाहते हैं, तो आगरा की यात्रा अवश्य करें।

Related Articles

Back to top button