नगर निगम

“पानी दो, भाई पानी दो!”- नारों से गूंजा नगर निगम परिसर, मटके फोड़े, बर्तन बजाए, छलकी जनता की पीड़ा

Share

देवास। शहर में जलसंकट अब आंदोलन में बदलता जा रहा है। वार्ड क्रमांक 9 के सैकड़ों रहवासियों ने सोमवार को पानी की भीषण किल्लत के खिलाफ नगर निगम कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।

हाथों में खाली मटके, बर्तनों की आवाज और गूंजते नारे- ये सब इस बात की गवाही दे रहे थे कि अब जनता का सब्र टूट चुका है। जल संकट से जूझते रहवासियों ने नगर निगम को चेताया कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो सड़कों पर आंदोलन होगा।

रहवासी पानी की समस्या को लेकर वार्ड पार्षद पं. दीपेश कानूनगो के साथ नगर निगम में प्रदर्शन करने पहुंचे। यहां पर वार्डवासियों ने मटके फोड़े तथा बर्तन बजाकर निगम अधिकारियों को जगाने की कोशिश की तथा पानी की समस्या को हल करने की मांग की।

वार्ड पार्षद पं. दीपेश कानूनगो ने बताया कि कई महीनों से पानी की समस्या चल रही है, लेकिन पिछले कई दिनों से तीन-चार दिन में मात्र 20 मिनट पानी आ रहा है और उसमें से भी 10 मिनट तो गंदा पानी आता है। उसके बाद केवल 10 मिनट ही पानी मिल पा रहा है, वह भी बदबू मार रहा है। इस बारे में मैने कई बार शिकायत की लेकिन निगम में कोई भी इस ओर ध्यान देने को राजी नहीं है।

श्री कानूनगो ने बताया, कि जब जल संकट है तोे उज्जैन को पानी देने की क्या जरूरत थी। इंजीनियर, जिसको टैंकर से पानी वितरण की जवाबदारी दी गई है वह फोन नहीं उठा रहे हैं। श्री कानूनगोे ने आरोप लगातेे हुए कहा, कि नगर निगम द्वारा कृत्रिम जल संकट उत्पन्न किया जा रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधि, विधायक एवं सांसद से अपील की है कि वे जनता के हित में पानी की समस्या का जल्द से जल्द निराकरण करें।

Dewas news

श्री कानूनगो ने चेतावनी दी है, कि अगर इस समस्या का जल्द ही निराकरण नहीं किया गया तो कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और जनता के साथ मिलकर एक बड़ा आंदोलन करेगी, जिसकी समस्त जवाबदारी निगम प्रशासन की रहेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

Back to top button