धर्म-अध्यात्म

कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा और महायज्ञ का शुभारंभ

Share

 

– प्राचीन कर्णेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर सात दिवसीय पंचकुंडात्मक महारुद्र महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा

करनावद (सुनील वर्मा)। प्राचीन कर्णेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर सात दिवसीय पंचकुंडात्मक महारुद्र महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। श्रद्धा और भक्ति से सराबोर नगरवासियों ने इस मंगलमय अवसर पर बड़ी संख्या में भाग लिया।

कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने माथे पर कलश धारण कर मंदिर प्रांगण से नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर में प्रवेश किया। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बैंड-बाजों, वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के उद्घोष से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।

सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की धूम-
इस आयोजन में क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना को लेकर प्रतिदिन विविध धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो रहे हैं। 21 से 27 फरवरी तक यजमान सपत्नीक याज्ञिक कार्यों में भाग लेकर देवी-देवताओं का पूजन एवं हवन करेंगे।

प्रतिदिन दोपहर 12 से 3 बजे तक प्रसिद्ध कथावाचिका मुक्तामणी दीदी गुर्जरगांव द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा। इसके साथ ही, प्रातः 8 से 12 बजे और संध्या 3 से 6 बजे तक विद्याधाम इंदौर से पधारे आचार्य पं अमित शर्मा एवं उनकी विप्र मंडली द्वारा मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ अनुष्ठान संपन्न किया जाएगा।

Dewas news

नानी बाई रो मायरो का होगा विशेष आयोजन-
22 से 24 फरवरी की रात्रि में गौभक्त शिवानी यादव द्वारा नानी बाई रो मायरो का विशेष वाचन किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से भक्तों को भक्ति, श्रद्धा और दान की महिमा का संदेश मिलेगा।

मंदिर में विशेष विद्युत सज्जा एवं भव्य मेला-
महाशिवरात्रि पर्व की भव्यता को ध्यान में रखते हुए कर्णेश्वर महादेव मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा से अलंकृत किया गया है। मंदिर परिसर में यज्ञशाला, कथा पंडाल एवं अन्य विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। सात दिवसीय मेले का भी आयोजन किया गया है, जिसमें झूले, खानपान एवं विभिन्न प्रकार की दुकानें श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

महाशिवरात्रि पर विशेष अनुष्ठान-
महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर मंदिर में रुद्राभिषेक, भजन संध्या एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। इस महायज्ञ एवं भागवत कथा में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं।

Related Articles

Back to top button