नववर्ष के मद्देनजर पुलिस का सख़्त पहरा, सघन चेकिंग अभियान

देवास। नववर्ष के आगमन से पहले देवास पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देशन में व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक, हर प्रमुख चौराहे, बाजार, होटल-ढाबों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और हाईवे पर पुलिस की सख्त निगरानी देखने को मिल रही है। अभियान के दौरान वाहनों की गहन जांच, संदिग्ध व्यक्तियों की पूछताछ और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने, अवैध शराब परिवहन व हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक श्री गेहलोत ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे सतत गश्त करें, त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें और आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखें। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे नववर्ष का स्वागत कानून के दायरे में रहकर, शांति और सौहार्द के साथ करें।
देवास पुलिस का यह सतर्कता अभियान नववर्ष तक लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना रहे।




