क्राइम

जिरवाय रोड पर सड़क हादसा: दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत, दो गंभीर घायल

Share

 

टोंकखुर्द से दूध देकर घर लौट रहा था युवक

टोंकखुर्द (विजेंद्रसिंह ठाकुर)। जिरवाय रोड पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 38 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा रात करीब 8 से 9 बजे के बीच गिट्टी मशीन के पास हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। मृतक युवक दूध देकर अपने गांव लौट रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

टोंकखुर्द क्षेत्र के समीप ग्राम गिरलाखेड़ी निवासी ईश्वर पिता उदयसिंह गुर्जर (38 वर्ष) रोजाना की तरह टोंकखुर्द में दूध देकर अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान जिरवाय रोड पर गिट्टी मशीन के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर गंभीर हालत में गिर पड़े।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास से गुजर रहे ग्रामीणों ने तुरंत घायलों की मदद की। ईश्वर को गंभीर हालत में टोंकखुर्द अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

वहीं दूसरी बाइक पर सवार कृष्णा पिता महेश राठौर निवासी टोंकखुर्द तथा उसका साथी कृष्णपाल पिता जोगेंद्र सिंह सेंधव निवासी राला मंडल भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को देवास रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि एक घायल का इलाज देवास में चल रहा है, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया है। मृतक की दो बालिका व एक बालक है।

ग्रामीणों के अनुसार हादसा सड़क पर तेज रफ्तार और रात के समय कम दृश्यता के कारण हुआ हो सकता है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव गिरलाखेड़ी क्षेत्र में शोक की लहर है।

Back to top button