सांदीपनि उमावि सन्नौड़ का वार्षिकोत्सव, विधायक चौधरी ने मेधावियों को किया पुरस्कृत

बरोठा (अमर चौधरी)। शासकीय सांदीपनि उमावि सन्नौड़ का वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ। स्वागत नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और चित्र प्रदर्शनी ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विधायक मनोज चौधरी ने ओलंपियाड, खेल व करियर गाइडेंस में उत्कृष्ट विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
अतिथियों का स्वागत सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य मेहरबानसिंह पारसनिया, माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश पटेल एवं देवेंद्र मुकाती ने किया। सांदीपनि विद्यालय की छात्राओं के द्वारा स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, आर्ट एंड क्राफ्ट तथा चित्र प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका अतिथियों ने अवलोकन कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की प्रयासों की सराहना की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में राम स्तुति, देशभक्ति गीत, झांसी की रानी के जीवन चरित्र पर आधारित नाट्य-नृत्य और पुरस्कार प्राप्त नाटिका “जादू नहीं विज्ञान है” ने सभी का मन मोह लिया। विशेष रूप से तनीषा, रक्षा एवं अक्षिता द्वारा प्रस्तुत शिव तांडव नृत्य ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। गत शैक्षणिक सत्र में कक्षा पहली से बारहवीं तक सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जिला स्तरीय ओलंपियाड परीक्षा में चयनित 14 विद्यार्थियों, वार्षिक खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा यूनिसेफ के अंतर्गत करियर गाइडेंस के 11 कोर्स पूर्ण करने वाले 21 विद्यार्थियों को विधायक मनोज चौधरी द्वारा पुरस्कृत किया गया।
प्राचार्य पारसनिया द्वारा विद्यालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। जिसमें विद्यालय की प्रमुख उपलब्धियों, लक्ष्यों और आवश्यकताओं पर सुव्यवस्थित रूप से प्रकाश डाला गया। विधायक चौधरी ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों के अनुशासन, परिश्रम और उपलब्धियों की प्रशंसा की एवं उनसे आत्मनिर्भर एवं सक्षम बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम कमलसिंह नागर के नेतृत्व में विद्यालय परिवार के सहयोग से संपन्न हुआ।




