फरसी से हमला कर युवक की हत्या, कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार

देवास। शहर के बालगढ़ चौराहे पर मंगलवार तड़के हुई एक सनसनीखेज हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया और एक युवक की फरसी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई।
सुबह जब लोगों ने पान की गुमटी के पीछे खून से लथपथ शव देखा तो पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
देवास में युवक की गोली मारकर हत्या; 6 आरोपियों पर केस दर्ज
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश छायनिया के रूप में हुई है, जो शहर की एक निजी फैक्ट्री में श्रमिक के तौर पर काम करता था। बताया जा रहा है कि मुकेश और आरोपी भावेश चौधरी के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी। दोनों एक ही गली में रहते थे।
मंगलवार सुबह किसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। इसी दौरान गुस्से में आए भावेश चौधरी ने फरसी उठाकर मुकेश पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मुकेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मात्र 5 घंटे में हत्याकांड का खुलासा, बरोठा पुलिस की मुस्तैदी से दो आरोपी सलाखों के पीछे
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। औद्योगिक थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि सुबह करीब 4:45 बजे डायल 112 को सूचना मिली थी। घटनास्थल का मुआयना कर वारदात में इस्तेमाल की गई फरसी जब्त कर ली है। आरोपी से पूछताछ जारी है और हत्या के पीछे की पूरी वजह की जांच की जा रही है।




