रिहायशी मकान से विभिन्न ब्रांड की 22 पेटी अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

इंदौर। जिले में अवैध मदिरा के क्रय-विक्रय, परिवहन तथा भंडारण करने वालों के विरूद्ध कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी के आदेश पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। सहायक आयुक्त आबकारी मनीष खरे के निर्देशन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी वृत्त सांवेर आरके निगम के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक आशीष जैन ने सूचना के आधार पर सांवेर तहसील अंतर्गत ग्राम शहादा में संतोष पिता शोभालाल के रिहायशी मकान पर दबिश देकर तलाशी ली। तलाशी में देशी मदिरा प्लेन पाव की 11 पेटी, देशी मदिरा मसाला पाव की 2 पेटी, बोल्ट बियर कैन की 6 पेटी, पावर बियर कैन की 3 पेटी, इस प्रकार कुल 22 पेटी (225 बल्क लीटर) देशी/विदेशी मदिरा बरामद हुई। आरोपी संतोष को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध मप्र आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) क व 34 (2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। जब्त मदिरा का मूल्य लगभग 72 हजार 110 रुपए है। उक्त मदिरा में से देशी मदिरा उज्जैन जिले की है तथा बियर के संबंध में पता लगाया जा रहा है कि इसे कहां से लाया गया था। आबकारी विभाग द्वारा इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




