राजनीति

खेलों में राजनीति नहीं आनी चाहिए, बल्कि राजनीति में खेल भावना होनी चाहिए- केंद्रीय मंत्री चौहान

Share

– केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान खातेगांव में आयोजित सांसद खेल महोत्सव में हुए शामिल
– बेहतर और टिकाऊ खेती के लिए इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल – केंद्रीय मंत्री श्री चौहान

देवास। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को खातेगांव पहुंचे। यहां श्री सिंह चौहान ने सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत क्रिकेट, कबड्डी और कुश्ती प्रतियोगिताओं के विजेताओं और टीमों को पुरस्कार वितरित किए। वहीं खातेगांव में आयोजित हितग्राही सम्मेलन में शामिल होकर सरकार की अलग-अलग योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। कार्यक्रम में विधायक खातेगांव आशीष शर्मा, जिला अध्‍यक्ष रायसिंह सैंधव सहित अन्‍य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि, मैं विजेता टीमों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देता हूं, खेल में दो टीमें खेलती हैं, तो एक जीतती है, एक हारती है, लेकिन हारने का मतलब परमानेंट हार नहीं है, जीत की नई शुरुआत है। ये तो नया शुभारंभ है और खेलो, और मेहनत करो। यथासंभव हम, उसके लिए जितने साधन उपलब्ध हो सकते हैं, उसकी व्यवस्था करने की भी कोशिश करेंगे। शिवराज सिंह ने कहा कि, अगले साल और धूमधाम से सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

shivraj singh chouhan

बच्चों के सर्वागींण विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे-
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि, खेल न सिर्फ शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मन को भी प्रसन्न बनाते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन खुद एक खेल है और इसे भी खेल की भावना से जीना चाहिए। यदि राजनीति में भी खेल भावना आ जाए तो आनंद और बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि खेलों में राजनीति नहीं आनी चाहिए, बल्कि राजनीति में खेल भावना होनी चाहिए। केन्‍द्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि गांवों में खेल सुविधाओं को बढ़ाने के लिए सरकार पूरी कोशिश करेगी। बच्चों ने उनसे खेल मैदान और मैट जैसी सुविधाओं की मांग रखी है, जिसे गंभीरता से लिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर खेल संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पूजा जाट, तनु जाट और सपना गुर्जर जैसी बेटियां पूरे देश में क्षेत्र का नाम रोशन कर रही हैं। यदि खिलाड़ियों को सही प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलें, तो खातेगांव-कन्नौद और आसपास के गांवों से भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ी निकल सकते हैं। केन्‍द्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि, बच्चे बेहतर पढ़ाई भी करें और खेलों में भी आगे बढ़ें। यह केवल शुरुआत है और आगे आने वाले समय में कमियों को दूर कर सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

इलाज ही असली सेवा-
केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि, आज साल का सबसे छोटा दिन भले ही हो, लेकिन सेवा के लिहाज से इसे सबसे बड़ा बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि केवल मंच से भाषण देकर, मालाएं पहनकर और शाल-श्रीफल लेकर चले जाना जनता की सेवा नहीं है। इसी सोच के साथ आज स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों का मेडिकल चेकअप कराया गया है। उन्होंने कहा कि भगवान करे किसी को गंभीर बीमारी न हो, लेकिन अगर बीमारी आ जाए तो गरीब, किसान और मध्यमवर्गीय परिवार के सामने सबसे बड़ा संकट खड़ा हो जाता है।

केन्‍द्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया है ताकि समय रहते बीमारी का पता चल सके। यदि जांच में कैंसर, ब्रेन ट्यूमर, हार्ट या लिवर जैसी गंभीर बीमारी सामने आती है तो चिंता करने की जरूरत नहीं है। इलाज चाहे यहां हो, भोपाल, इंदौर या दिल्ली में पूरी ताकत से उपचार कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि दो-तीन या चार लाख रुपये के इलाज का खर्च गरीब, किसान या आम आदमी कैसे उठाए..? यही असली सेवा है। उन्होंने कहा कि, ऐसी किसी भी जरूरत में पूरी संवेदनशीलता के साथ मदद की जाएगी और सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

गरीब, किसान और जरूरतमंद तक हर योजना का लाभ पहुंचे-
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, उज्ज्वला योजना से जो बहनें अब तक वंचित रह गई हैं, उनकी पूरी सूची तैयार की जा चुकी है और एक-एक करके सभी को रसोई गैस कनेक्शन दिया जाएगा। जो बहनें अभी शेष हैं, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है, सरकार सबको उज्ज्वला कनेक्शन देने का प्रबंध करेगी। केन्‍द्रीय मंत्री श्री चौहान ने किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि, हर किसान बड़े कृषि यंत्र नहीं खरीद सकता, इसी कारण कस्टम हायरिंग सेंटर की व्यवस्था की गई है। इसके तहत हार्वेस्टर, सुपर सीडर सहित आधुनिक कृषि मशीनें सब्सिडी पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि एक किसान खरीदे और कई किसानों को उसका लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि, यह भारत सरकार और उनके मंत्रालय की महत्वपूर्ण योजना है, जिसके तहत आज भी कई मशीनों का वितरण किया गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पारंपरिक नहर और नाली से सिंचाई में पानी की बर्बादी होती है। इसे रोकने के लिए ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार की सब्सिडी योजनाओं के माध्यम से धीरे-धीरे हर किसान तक ड्रिप और स्प्रिंकलर पहुंचाए जाएंगे, जिससे पानी की बचत के साथ उत्पादन भी बढ़ेगा। इसके साथ ही उन्‍होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना और राष्ट्रीय परिवार सहायता कार्यक्रम जैसी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि भी प्रदान की जाएगी। सरकार का उद्देश्य है कि गरीब, किसान और जरूरतमंद तक हर योजना का लाभ बिना भेदभाव के पहुंचे।

इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल को बढ़ावा-
केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि खेती को बेहतर और टिकाऊ बनाने के लिए इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को खेती में लगातार संकटों का सामना करना पड़ता है, कभी ओला, कभी सूखा, पाला, बाढ़ या कीट प्रकोप से फसल खराब हो जाती है। ऐसे में गरीब किसान के सामने सबसे बड़ा सवाल होता है कि वह क्या करे और कहां जाए। उन्‍होंने कहा कि जमीनें लगातार छोटी होती जा रही हैं। ऐसे में खेती के आधुनिकीकरण और मैकेनाइजेशन की जरूरत और बढ़ गई है। इसी उद्देश्य से क्षेत्र के लिए इंटीग्रेटेड फार्मिंग की एक ठोस योजना बनाने का लक्ष्य अधिकारियों को दिया है, ताकि स्थानीय स्तर पर नवाचार किए जा सकें।

केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि कई किसान जैविक खेती, फल और सब्जी उत्पादन में अच्छा काम कर रहे हैं। सरकार इस दिशा में भी आगे बढ़ेगी और किसानों को वैकल्पिक व लाभकारी खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, संसद के आगामी सत्र में बीज कानून और कीटनाशक कानून लाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि बाजार में घटिया और नकली पेस्टिसाइड बेचे जाने के कारण कई बार इल्ली और कीट मरते नहीं हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान होता है। ऐसी बेईमानी करने वाली कंपनियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून बनाकर कठोरतम सजा दी जाएगी। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को अच्छे बीज कम दाम में उपलब्ध हों और खेती से जुड़ी हर समस्या पर गंभीरता से चर्चा कर समाधान निकाला जाए। किसानों के हित में सुधार और बदलाव की यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।

Back to top button