क्राइम

क्रिप्टो में निवेश, ATM बदलकर ठगी, खेत में ‘गड़ा सोना’ और फर्जी सब्सिडी!

Share

 

ठगने वाले गिरोहों पर पुलिस का करारा वार, मध्यप्रदेश के 4 जिलों में ठगी का पूरा नेटवर्क बेनकाब

भोपाल। अगर कोई आपको क्रिप्टो में दोगुना पैसा, खेत में दबा सोना या सरकारी सब्सिडी दिलाने का वादा करे तो सतर्क हो जाइए। ऐसे ही लालच के जाल में फंसे नागरिकों, वरिष्ठजनों और किसानों को न्याय दिलाने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में सख़्त कार्रवाई करते हुए ठगी के कई बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में 33 लाख रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त कर कई शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

देवास: क्रिप्टो निवेश के नाम पर ठगी करने वाला संगठित गिरोह गिरफ्तार

औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर भारी लाभ दिलाने का लालच देकर धोखाधड़ी करने वाले 5 शातिर बदमाशों के संगठित गिरोह को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। फरियादी चेतनसिंह सोलंकी निवासी आनंद विहार कॉलोनी, देवास द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार व्हाट्सएप के माध्यम से अज्ञात आरोपियों ने क्रिप्टो निवेश में मुनाफे का झांसा देकर किश्तों में कुल 1 लाख 4 हजार 100 रुपये की ठगी की थी।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं डिजिटल ट्रेल का सूक्ष्म विश्लेषण करते हुए जिन बैंक खातों में ठगी की राशि ट्रांसफर हुई थी, उन्हें तत्काल फ्रीज कराया। साक्ष्यों के आधार पर पांच शातिर आरोपियों गिरफ्तार किया, जिन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया। उनके कब्जे से ठगी गई संपूर्ण राशि तथा 6 एंड्रॉइड मोबाइल फोन सहित कुल 2 लाख 33 हजार 100 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

दमोह: एटीएम फ्रॉड का पर्दाफाश

दमोह के थाना पथरिया क्षेत्र में एक वरिष्ठ नागरिक से 17,000 की एटीएम फ्रॉड घटना दर्ज हुई थी। प्रकरण दर्ज होते ही पुलिस द्वारा त्वरित जांच प्रारंभ की गई। पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर एक संदिग्ध वाहन की पहचान की गई। तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हरियाणा राज्य के जिला रोहतक अंतर्गत ग्राम इंदरगढ़ से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जिसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एटीएम कार्ड बदलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

टीकमगढ़ जिला: नकली सोना निकालने के नाम पर ठगी

जिले के थाना देहात क्षेत्र में खेत में गड़ा सोना निकालने एवं पूजा-पाठ के नाम पर 70 हजार रुपए एवं नकली पीतल के बिस्‍कुट थमाकर ठगी करने की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 24 हजार रुपए नगद एवं 16 नकली पीतल के बिस्कुट जब्त किए हैं।

राजगढ़: अंतर्राज्यीय ठग गिरोह पर बड़ी कार्रवाई

राजगढ़ में किसानों को पॉली हाउस, ऑर्गेनिक खाद व सरकारी सब्सिडी का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के विरुद्ध पुलिस ने ‘ऑपरेशन किसान रक्षक’ चलाया। थाना करनवास, खुजनेर एवं नरसिंहगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अब तक 30 लाख 52 हजार रुपए की संपत्ति जब्त कर 15 आरोपी गिरफ्तार किए हैं।

मध्यप्रदेश पुलिस आमजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं किसानों के साथ होने वाली किसी भी प्रकार की ठगी या वित्तीय धोखाधड़ी को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साक्ष्यों, अंतर्राज्यीय समन्वय एवं त्वरित कार्रवाई के माध्यम से अपराधियों पर लगातार शिकंजा कस रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील है कि एटीएम लेन-देन, लालचपूर्ण योजनाओं अथवा अज्ञात व्यक्तियों द्वारा दी जा रही झूठी पेशकशों से सावधान रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस हेल्पलाइन 1930 पर दें।

Back to top button