आपका शहर

मंदिर निर्माण में देवास जिले से मिट्टी व जल लगना गर्व का विषय : विधायक पवार

Share

– एक कंगन से बनी मन चंगा तो कठौती में गंगा की कहावत : जिलाध्यक्ष खंडेलवाल
– देवास पहुंची समरसता यात्रा का जगह-जगह किया गया भव्य स्वागत
देवास। जन-जन तक संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की शिक्षा को पहुंचाने एवं समरसता भरे समाज की स्थापना के उद्देश्य से भाजपा की प्रदेश सरकार द्वारा निकाली जा रही समरसता यात्रा शनिवार को सोनकच्छ से हाटपीपल्या विधानसभा के जमगोद, खटांबा होती हुई देवास विधानसभा में पहुंची।

यहां स्थानीय सयाजी द्वार से रैली के रूप में तहसील चौराहा, नावेल्टी चौराहा, गांजाभांग चौराहा होते हुए नाहर दरवाजा पहुंची। यहां पर एक जनसंवाद का कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवास विकास प्राधिकरण अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि मंच पर कई समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित हैं। पहले कहा जाता था कि रविदास जी दलित समाज के संत हैं, लेकिन आज भाजपा की सरकार में सभी समाजों के लोगों ने विधायक के नेतृत्व में इस यात्रा का स्वागत किया है, जो कि सामाजिक समरसता का संदेश देता है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने संत रविदास जी का एक किस्सा सुनाते हुए कहा कि एक दिन एक ब्राह्मण रविदास जी के यहां जूता बनवाने के लिए आए थे। इसके बाद उन्होंने कहा कि मेरी ओर से गंगा मैया को एक सुपारी दे देना। ब्राह्मण ने रविदास जी द्वारा दी गई सुपारी गंगा में उछाल दी। तभी एक चमत्कार हुआ गंगा मैया प्रकट हो गईं और सुपारी को अपने हाथ में ले लिया। गंगा मैया ने एक सोने का कंगन ब्राह्मण को दिया और कहा कि इसे ले जाकर रविदास को दे देना। ब्राह्मण ने कंगन उन्हें नहीं देते हुए रानी को दे दिया, लेकिन रानी ने एक और कंगन की मांग कर डाली। तब राजा ने कंगन लाने का आदेश दिया तो ब्राह्मण ने सारी सच्चाई बता दी। इसके बाद रविदास जी के पास पहुंचकर राजा ने आग्रह किया और एक बर्तन में ही गंगा मैया से कंगन की विनती की। तब उन्हें दूसरा कंगन मिला। तब से कहावत चरितार्थ हुई मन चंगा तो कठौती में गंगा। खंडेलवाल ने कहा कि संत रविदास जी तथा अन्य संतों के युग में भारत विश्व गुरु था। संत रविदास जी के विचार और उपदेशों का अनुसरण कर हम पुन: विश्व गुरु बन सकते हैं। कार्यक्रम को देवास विधायक गायत्रीराजे पवार ने संबोधित करते हुए कहा कि सागर में बन रहे मंदिर में मेरी विधानसभा क्षेत्र के गांवों व कस्बों से रविदास जी के मंदिर हेतु मिट्टी और जल जा रहा है, जो इस मंदिर निर्माण में लगेगा। यह हमारे लिए गर्व की बात है। विधायक पवार ने कहा कि जन्माष्टमी के अवसर पर शहर में हमारे परिवार द्वारा पिछले 120 वर्षों से दिंडी यात्रा निकाली जा रही है। इस दौरान चौबीस घंटे भजन कीर्तन होते हैं, जिसमें प्रति पहर अलग-अलग संप्रदाय के भजन होते हैं। 120 वर्ष पूर्व रविदास जी के समाजजनों द्वारा यहां एक पहर भजन किए जा रहे हैं और यह परंपरा आज भी कायम है। नाहर दरवाजे पर आयोजित जनसंवाद में विभिन्न समाजों के अध्यक्ष व प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वागत भाषण विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने दिया। संचालन जिला महामंत्री पंकज वर्मा ने किया व आभार संतोष पंचोली ने माना।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष लीला भेरूलाल अटारिया, जिला महामंत्री पंकज वर्मा, मनीष सोलंकी, पूर्व महापौर शरद पाचुनकर, सुभाष शर्मा, अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष संजय दायमा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष जुगनू गोस्वामी, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शिवराजसिंह गोहिल, पार्षद धर्मेन्द्रसिंह बैस उपस्थित थे। उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी धर्मेन्द्र चौधरी व सह जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने दी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button