पर्यावरण कुंड व कालूखेड़ी तालाब विसर्जन स्थल का आयुक्त ने किया निरीक्षण

मीना बाजार के लिए भी बालगढ़ में स्थल का किया मुआयना
देवास। नगर निगम द्वारा अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मीठा तालाब, बालगढ़, मीठी बावड़ी एवं अन्य स्थानों पर पर्यावरण कुंड लगाए गए। इसमें नागरिकों द्वारा अपने घरों में विराजित श्री गणपति की छोटी मूर्तियों का विसर्जन इन कुन्डों में किया गया।
आयुक्त रजनीश कसेरा के द्वारा इन पर्यावरण कुन्डों पर श्री गणपति विसर्जन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। इसी के साथ आयुक्त के द्वारा मुख्य विसर्जन स्थल कालूखेड़ी तालाब जहां पर सार्वजनिक स्थलों पर विराजित बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है का भी निरीक्षण किया गया। उनके द्वारा श्री गणपति विसर्जन में लगाए गए अन्य संस्थाधनों की जानकारी लेकर विसर्जन कार्य में मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश संबंधितों को दिए गए।

इसी प्रकार नगर निगम द्वारा आयोजित की जाने वाली दशहरा कृषिकला एवं औद्योगिक प्रदर्शनी मीना बाजार का अवलोकन हेतु बालगढ़ में एक स्थल का भी मुआयना किया गया तथा उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा मेले के आयोजन हेतु पर्याप्त मात्रा में भूमि को भी देखा जा रहा है तथा भरसक प्रयास किए जा रहे हैं कि मेले के आयोजन हेतु पर्याप्त भूमि मिल जाए। निगम द्वारा मेले के आयोजन हेतु टेंडर प्रक्रिया की जा चुकी है।
निरीक्षण में आयुक्त के साथ निगम उपायुक्त देवबाला पिपलोनिया, जाकिर जाफरी, आरती खेड़ेकर, निगम सामान्य प्रशासन समिति अध्यक्ष प्रतिनिधि संजय दायमा, स्वास्थ्य अधिकारी जितेंद्र सिसौदिया, सहायक यंत्री इंदुप्रभा भारती, सौरभ त्रिपाठी, सूर्यप्रकाश तिवारी आदि उपस्थित रहे।





