पुलिस बनकर महिला से सोने की चेन ठगी करने वाला गिरफ्तार

– ऑपरेशन त्रिनेत्रम में देवास पुलिस की बड़ी सफलता
देवास। एक महिला से सोने की चेन ठगने वाले शातिर ठग को पुलिस ने धरदबोचा। आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला को भरोसे में लिया और सुरक्षा के बहाने चेन लेकर फरार हो गया था। तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज की मदद से देवास पुलिस ने ठग को भोपाल से गिरफ्तार कर सोने की चेन बरामद की। एसपी पुनीत गेहलोद ने प्रेसवार्ता में इस संबंध में जानकारी दी
उल्लेखनीय है, कि 17 जुलाई को फरियादिया ने थाना नाहर दरवाजा आकर रिपोर्ट दर्ज करवाई कि जैन मंदिर से घर लौटते समय दो अज्ञात व्यक्तियों ने स्वयं को पुलिसकर्मी बताकर कहा कि “शहर में गहनों की चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, अतः सुरक्षा हेतु गहने उतरवाना आवश्यक है।” महिला के विश्वास में आने पर आरोपियों ने गहने उतरवाने का बहाना बनाकर सोने की चेन लेकर फरार हो गए। फरियादिया की रिपोर्ट पर से थाना नाहर दरवाजा पर धारा 319(2),318(4),3(5) BNS का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के द्वारा घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।
इस पर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक देवास सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी नाहर दरवाजा निरीक्षक मंजू यादव के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम के द्वारा तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र सक्रिय कर देवास पुलिस के “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत जनसहयोग से लगे सीसीटीव्ही कैमरा चैक किये गये।
सीसीटीव्ही फुटेज में आरोपियों के द्वारा घटना कर भागना कैद हुआ। मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी असदुल्लाह जाफरी उर्फ असदु को नादरा बस स्टैण्ड के पास ईरानी डेरा थाना हनुमानगंज जिला भोपाल से गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से सोने की चेन कीमत लगभग 3,00,000 रुपए को बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपी-
असदुल्लाह जाफरी उर्फ असदु पिता मसल्ला जाफरी उम्र 55 साल निवासी ग्राम लोनी कालबोर पटेरी बस्ती तालुका हवेली ईरानी मस्जिद के पास जिला पुणे देहात महाराष्ट्र वर्तमान पता नादरा बस स्टैण्ड के पास ईरानी डेरा जिला भोपाल।

सराहनीय कार्य- थाना प्रभारी नाहर दरवाजा श्रीमती यादव, थाना प्रभारी हरणगांव उनि अभिषेक सेंगर, सउनि सुमरत धुर्वे, प्रआर नितेश द्विवेदी, रवि सिंह भदौरिया, धर्मराज सिंह, यशवंत सिंह, आर नवदीप महाजन, विकास पटेल, विशाल मुवेल, जयदेव, आर चालक धर्मेन्द्र भिलाला व सायबर सेल टीम से प्रआर सचिन चौहान, आर योगेश कदम, मोनू राणावत की सराहनीय भूमिका रही।




