ढोल-डीजे की धुन पर रंग-गुलाल में झूमे युवा, क्षेत्र में धूमधाम से मनी रंगपंचमी

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। क्षेत्र में रविवार को रंगपंचमी धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर फाग यात्रा, गेर का आयोजन हुआ, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। सुबह से ही युवाओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा गया, उन्होंने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।
प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी बोल बम ग्रुप की ओर से नगर में फाग यात्रा निकाली गई। यह यात्रा सुबह करीब 9 बजे से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। ढोल, ताशे, डीजे की धुन पर युवा होली के गीतों और भजनों पर झूमते हुए दिखाई दिए। यात्रा के दौरान उड़ते रंग-गुलाल से सड़कें रंगीन हो गईं और कई स्थानों पर पानी की बौछारें भी की गईं। इसके अतिरिक्त, मेलघाट पर श्री महादेव मंदिर में भांग अभिषेक हुआ, जिसमें जिला पंचायत सदस्य बहादुर सिंह, सुरजीत सिंह बैस, ठाकुर तंवर, शैलेंद्रसिंह शत्तावत, पप्पू गिरी गोस्वामी, मुकेश बाबा, सोनू पटेल, भगवानसिंह काका, भागवान सिंह, मोहन सिंह, गुलाब सिंह, केदार मीणा, देवेंद्र गोस्वामी, हुकुम भारी आदि श्रद्धालु शामिल हुए।
रंगपंचमी के अवसर पर शिव यादव मित्र मंडल के देखरेख में मेलघाट पर अभिषेक व फाग उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें पानी के फव्वारों के बीच ढोल, डीजे की धुन पर युवाओं ने जमकर होली खेली। गांव के छतरसिंह पटेल, रामचंद्र यादव, अंतरसिंह झाम कलाकार ने फाग के पारंपरिक गीत गाकर पुरानी परंपरा को जीवंत रखा। गांव के अलावा क्षेत्र के आरिया, चैनपुरा, रामपुरा, खेड़ा, चौपाल, गुवड़ी, खेड़ा, मालीपुरा, शिवन्या सहित अन्य गांवों में भी रंगपंचमी हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। समगी गांव के शिवनारायण यादव ग्रुप ने मेलघाट पर भोलेनाथ मंदिर व हनुमान मंदिर पर भोज का आयोजन किया, जिसमें ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।





