स्पोर्टस

पनोती’ का दाग धुला: अहमदाबाद में भारत बना टी20 वर्ल्ड कप 2026 का चैंपियन, न्यूज़ीलैंड को 96 रन से हराया

Share

 

अहमदाबाद। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूज़ीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत ने न केवल तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता, बल्कि अहमदाबाद के इस मैदान से जुड़े उस मनोवैज्ञानिक दबाव को भी खत्म कर दिया, जिसे कुछ लोग पिछले कुछ समय से ‘पनोती’ कहने लगे थे।

दरअसल, इसी मैदान पर 2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भी भारत को यहीं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार मिली थी। लगातार दो बड़ी हारों के कारण क्रिकेट प्रेमियों के मन में यह डर बैठ गया था कि कहीं अहमदाबाद का यह मैदान भारत के लिए फिर अशुभ साबित न हो जाए।

लेकिन फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इस मिथक को पूरी तरह तोड़ दिया और शानदार जीत दर्ज कर मैदान से जुड़े सभी नकारात्मक चर्चाओं पर विराम लगा दिया।

भारत ने बनाया 255 रन का विशाल स्कोर
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर न्यूज़ीलैंड ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया।
ओपनर संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उनके साथ अभिषेक शर्मा ने भी तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 52 रन बनाए। तीसरे नंबर पर आए ईशान किशन ने भी तेज अर्धशतक लगाते हुए 25 गेंदों में 54 रन बनाए। अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर टीम का स्कोर 20 ओवर में 255/5 तक पहुंचा दिया।

न्यूज़ीलैंड की पारी 159 रन पर सिमटी
256 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूज़ीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। टीम के लिए टिम सीफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन और मिचेल सैंटनर ने 35 गेंदों में 43 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। पूरी न्यूज़ीलैंड टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई।

भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
भारतीय गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट लिए।अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट झटके। हार्दिक पांड्या और अभिषेक शर्मा को भी 1-1 विकेट मिला।

जीत के साथ बदली मैदान की कहानी
इस जीत के साथ भारत ने न केवल टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता, बल्कि अहमदाबाद के इस मैदान से जुड़े उस डर को भी खत्म कर दिया, जो 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल की हार के बाद से चर्चा में था।
अब यही मैदान भारतीय क्रिकेट के लिए निराशा नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक और गौरवशाली जीत की याद बन गया है।

Back to top button