परिवहन विभाग ने कार्रवाई कर 15 वाहनों से 1 लाख 21 हजार 600 रुपए का राजस्व वसूला

देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार परिवहन विभाग द्वारा जिले यात्री बसों एवं स्कूल बसों की अभियान चलाकर जांच की जा रही है। इसी कड़ी में परिवहन विभाग द्वारा मक्सी रोड, आगरोद क्षेत्र में संचालित होने वाली यात्री बसों/स्कूल बसों एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों की जांच की गई। दल द्वारा क्षेत्र के स्कूलों में जाकर स्कूल बसों को भी जांचा गया।
इस दौरान वाहन से संबंधित समस्त दस्तावेजों जैसे परमिट, फिटनेस, बीमा, पीयूसी रजिस्ट्रेशन आदि की जांच की गई। साथ ही वाहनों में अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन द्वार, वीएलटीडी इत्यादि है अथवा नहीं इसकी जांच की गई। इस दौरान रंजीत कान्वेंट स्कूल, मां पीताम्बरा स्कूल, आगरोद पब्लिक स्कूल, सेंट द्रोण स्कूल की बसों की जांच की गई। इसी प्रकार अन्य वाहनों में भी जांच करने पर कमियों के पाई जाने पर चालानी कार्यवाही की जाकर फिटनेस, बीमा एवं ओव्हरलोडिंग की धाराओं में 15 वाहनों से 1 लाख 21 हजार 600 का राजस्व वसूला गया। कार्यवाही में जसवंतसिंह दौहरे, गोलू पटेल, सरफराज खान, निलेश साल्वे, बाबूलाल देवड़ा, शाकिर खान, भगतसिंह भलावी शामिल थे।

वर्तमान में वर्षाकाल को दृष्टिगत रखते हुए परिवहन अधिकारी निशा चौहान द्वारा समस्त व्यावसायिक वाहन चालकों से अपील की है कि वर्षाकाल में यात्री बसों का संचालन सावधानीपूर्वक करें, अनावश्यक रेसिंग ना करें तथा पुल-पुलियाओं पर जल भराव होने की स्थिति में वाहन पार ना करें।




