इंदौर

देवगढ़-रत्नागिरी के हापुस आमों से महका इंदौर का मालवा बाजार- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Share

मुख्यमंत्री ने मैंगो जत्रा में हापुस आमों की प्रदर्शनी को सराहा

24 आम उत्पादक किसानों को 11-11 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर के ग्रामीण हाट बाजार परिसर में मराठी सोशल ग्रुप द्वारा आयोजित तीन दिवसीय “मैंगो जत्रा” में शामिल हुए।

8 से 10 मई तक आयोजित इस विशेष आयोजन में महाराष्ट्र के रत्नागिरी और देवगढ़ के प्रसिद्ध हापुस (अल्फांसो) आमों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और आम उत्पादक किसानों से संवाद कर उनके प्रयासों की सराहना की। साथ ही उन्होंने आमों की विशेषताओं के बारे में जाना।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार इस वर्ष “किसान कल्याण वर्ष” मना रही है। देवगढ़ और रत्नागिरी के हापुस आम, जिसकी देशभर में धाक और साख है, उनका माँ अहिल्या की नगरी इंदौर में मालवा के बाजार तक पहुंचना आंतरिक एकात्मता का भी प्रतीक है।

सेहत का खजाना है फलों का राजा आम

मैंगो जत्रा में 24 किसानों द्वारा अपने हापुस आम के स्टॉल लगाए गए हैं। उन्होंने आम उत्पादक किसानों से संवाद किया और आम उत्पादन एवं विपणन के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रत्नागिरी के आम उत्पादक किसान दिनेश देसाई, सुनील सुर्वे, मयूर देवाई तथा देवगढ़ के मनोहर पुजारी, तेजस मुलम सहित अन्य किसानों से चर्चा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 24 आम उत्पादक किसानों को 11-11 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। किसानों ने बताया कि वे पिछले लगभग 15 वर्षों से मैंगो जत्रा में आम लेकर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, कि इस प्रकार के आयोजन किसानों को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। इससे किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिलता है तथा ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण और ताजे उत्पाद उपलब्ध होते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मैंगो जत्रा जैसे आयोजन शहर की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक सहभागिता को नई पहचान देते हैं। उन्होंने कहा कि मैंगो जत्रा में उत्पादकों द्वारा सीधे ग्राहकों तक देवगढ़ और रत्नागिरी के प्रसिद्ध हापुस आम उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे ग्राहकों को खेत से सीधे ताजे आम खरीदने का अवसर मिल रहा है।

इस अवसर पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक गोलू शुक्ला, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, मराठी सोशल ग्रुप के अध्यक्ष सुधीर दाण्डेकर, सचिव तृप्ति महाजन सहित बड़ी संख्या में किसान एवं उद्यमी मौजूद थे।

आम से बने व्यंजन और हस्तनिर्मित उत्पाद बनी आकर्षण का केन्द्र-
मैंगो जत्रा में आम से बने आइसक्रीम, शेक, मिठाइयों और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक पहुंच रहे हैं। जत्रा में हाथों से तैयार किए गए मसाले, अचार, पापड़, आम की चटनी, आमरस, जैम, स्क्वैश, कैंडी तथा आम से बने विभिन्न खाद्य उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। साथ ही खादी के वस्त्र और हस्तनिर्मित उत्पाद भी बड़ी संख्या में प्रदर्शित किए गए हैं। आयोजन स्थल पर उत्पादों की खरीदारी का विशेष वातावरण देखने को मिल रहा है।

Back to top button