राजनीति

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नारायण विद्या मंदिर क्रमांक एक में हुआ गरिमापूर्ण कार्यक्रम

Share

देवास। स्थानीय श्री नारायण विद्या मंदिर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक एक देवास में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित हुआ।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव, विशेष अतिथि के रूप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष महेश चौहान उपस्थित रहे। अध्यक्षता संस्था के प्राचार्य केके मिश्रा ने की।

उक्त जानकारी देते हुए संस्था की शिक्षिका अनीता पंड्या ने बताया कि कार्यक्रम का प्रारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। इस अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में संस्था के छात्र अनुज लोहना, संजय चौहान, सम्मान पटेल, शाद शेख, हुजैफा अली आदि ने अपने भाषण प्रस्तुत किए।

अपने भाषण में छात्रों ने विकसित भारत की संकल्पना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं प्रयासों को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि हम सभी इस विकसित भारत के  मजबूत आधार स्तंभ बनेंगे। इस अभियान की श्रृंखला में आयोजित चित्रकला में स्कूल स्तर पर उल्लेखनीय चित्र बनाने वाले छात्रों सुमित बाड़ोलिया और आनंद मालवीय के उत्कृष्ट चित्रों की सराहना करते हुए इन छात्रों को सम्मानित किया गया।

अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि रायसिंह सेंधव ने कहा कि हमारे राष्ट्र को विकसित एवं सशक्त बनाने के लिए हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिन-रात एक कर रहे हैं बिना थके, बिना रुके राष्ट्रहित के कार्यों में वे सदैव संलग्न हैं। आज हमारा देश विश्व के पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। आज हम सभी संकल्प लें कि राष्ट्रहित के कार्यों में सदैव संलग्न रहेंगे।

अतिथियों का स्वागत प्राचार्य श्री मिश्रा, मिर्जा मुशाहिद बैग, अनुज जायसवाल आदि ने किया। इस अवसर पर भाजपा नेता अभिषेक गोस्वामी, अजहर शेख, लव गुप्ता सहित संस्था के शिक्षक शिक्षिकाएं एवं छात्र उपस्थित रहे। संस्था में पौधरोपण भी अतिथियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका सादिया खान ने किया एवं आभार लोकेश सांवलिया ने माना।

Back to top button