पटाड़ी में भारतीय किसान संघ ने किया गौ माता का पूजन

गोपाष्टमी पर जुटे किसान संघ के पदाधिकारी और ग्रामीण, विधि-विधान से की गौ माता की पूजा-अर्चना
देवास। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर भारतीय किसान संघ की बरोठा तहसील इकाई द्वारा पटाड़ी गांव में गौ माता पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान किसान संघ के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक शामिल होकर गौ माता का पूजन किया और गोपाष्टमी पर्व मनाया।
कार्यक्रम में भारतीय किसान संघ के संभागीय सह मंत्री बहादुरसिंह राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं तहसील मंत्री ब्रजेश नागर, तहसील सह मंत्री जगदीशचंद्र मीणा सहित अंबाराम चौधरी, गोविंद जी, मदन जी, गिरधारी जी, जगदीश जी, गजराज जी, मेहरबान जी, बाबूलाल जी, सचिन पंडा, निर्भय सिंह और मोहन जी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं महिलाएं शामिल हुईं।
ब्रजेश नागर ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। गोपालन हमारी परंपरा के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि व्यवस्था का भी मजबूत आधार है। किसान परिवारों को खेती के साथ गोपालन भी करना चाहिए। गाय से प्राप्त दूध, गोबर और गोमूत्र का उपयोग कृषि एवं घरेलू जरूरतों में किया जा सकता है। गोबर से जैविक खाद तैयार कर रासायनिक खाद पर निर्भरता कम की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि गांवों में गोपालन को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है। प्रत्येक किसान परिवार गोवंश के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प ले तथा नई पीढ़ी को भी गोसेवा और गोपालन के महत्व से जोड़ें। गोपाष्टमी का पर्व केवल पूजन तक सीमित न रहे, बल्कि गोपालन और गोवंश संरक्षण के संकल्प का अवसर बने। इस अवसर पर सभी ने गौ माता का पूजन कर गोपाष्टमी पर्व की परंपरा का निर्वहन किया।




