राजनीति

खातेगांव की घटना पर भाजपा जिलाध्यक्ष सेंधव का बयान- बोले दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा

शहीद थाना प्रभारी दिलीप पुरी को दी श्रद्धांजलि, चंदाना शराब प्रकरण का भी किया उल्लेख

Share

 

देवास। खातेगांव में अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी के शहीद होने की घटना पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने इस घटना को हृदयविदारक बताते हुए कहा कि कर्तव्य के प्रति समर्पित एक जांबाज पुलिस अधिकारी ने कानून और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनकी शहादत को सदैव याद रखा जाएगा। डॉ. सेंधव ने इस पूरे घटनाक्रम में कांग्रेस नेताओं की कथित भूमिका को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि खातेगांव प्रकरण में कांग्रेस नेता एवं उनके सहयोगी की भूमिका को लेकर गंभीर जानकारियां सामने आई हैं।

उन्होंने देवास जिले के चंदाना में सामने आए शराब से जुड़े मामले का भी उल्लेख किया। डॉ. सेंधव के अनुसार, इस प्रकरण में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता के पुत्र का नाम थिनर एवं एथेनॉल की सप्लाई के मामले में सामने आया था। बाद में कांग्रेस प्रवक्ता को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया एवं उनकी गिरफ्तारी कर मामले में धाराओं में भी बढ़ोतरी की गई। डॉ. सेंधव ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं का लगातार अवैध गतिविधियों से जुड़ा होना और कांग्रेसी नेताओं के पदाधिकारियों का प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से संबंध होना भी प्रश्न चिन्ह खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से लगातार भाजपा सरकार को बदनाम करने का षड्यंत्र कांग्रेस द्वारा रचा जा रहा है। भाजपा प्रदेश सरकार इस मामले में गंभीरता से जांच करवा रही है, किसी भी स्थिति में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Back to top button