शराब दुकानों के आसपास संचालित अहातों को बंद कराने की मांग
नवागत कलेक्टर नेहा मीना से मिला शिवसेना प्रतिनिधिमंडल

देवास। शिवसेना के प्रतिनिधि मंडल ने जिला अध्यक्ष सुनील वर्मा के नेतृत्व में नवागत कलेक्टर नेहा मीना से मंगलवार को मुलाकात की और नवीन पदस्थापना पर शुभकामना दी। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने शहर में शराब दुकानों के आसपास भोजनालय एवं होटलों के नाम पर संचालित हो रहे अहातों का मुद्दा उठाते हुए उन्हें पूर्ण रूप से बंद कराने की मांग की।
नगर मीडिया प्रभारी शंकर कदम ने बताया कि चंदाना में शराब कांड का उल्लेख करते हुए प्रशासन का ध्यान शराब दुकानों के आसपास संचालित अहातों की ओर आकर्षित कराया। शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि कई स्थानों पर भोजनालय एवं होटल की आड़ में लोगों को बैठाकर शराब परोसी जा रही है। वही लोग शराब दुकान के पास से अहातों पर बैठने के बाद अधिक शराब पीकर वाहन चलाते हैं, जिससे एक्सीडेंट व मौतें हो रही है। कुछ स्थानों पर अवैध शराब बिक्री की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं। इससे सामाजिक वातावरण प्रभावित होने के साथ ही आमजन की सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ रही हैं।
प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर से जनहित एवं सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे सभी स्थानों की जांच कराने, अवैध रूप से संचालित अहातों को तत्काल बंद कराने तथा अवैध शराब बिक्री में लिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इस अवसर पर शिवसेना वरिष्ठ नेता श्रावण बेस, नगर अध्यक्ष शिवम चतुर्वेदी एवं जिला प्रवक्ता लखन टिपानिया सहित प्रतिनिधि मंडल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



