
देवास। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का कार्यक्रम जारी किया गया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशित किया गया।
इस संबंध में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी शोभाराम सोलंकी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप प्रकाशित निर्वाचक नामावली की मुद्रित प्रति एवं सॉफ्ट कॉपी (डीवीडी) प्रदान की गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर 2026 से 11 दिसंबर 2026 तक जिले के सभी 1549 मतदान केंद्रों पर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। मतदाता अपने दावे एवं आपत्तियां बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), रजिस्ट्रार अधिकारी/सहायक रजिस्ट्रार अधिकारी कार्यालयों के साथ-साथ ऑनलाइन वोटर हेल्पलाइन ऐप एवं मतदाता सुविधा पोर्टल के माध्यम से भी प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
नए मतदाता भी कर सकते हैं आवेदन-
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार ऐसे नागरिक जिनकी आयु 18 से 19 वर्ष के बीच है अथवा जो 1 जनवरी 2027 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं और जिनका नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित प्रारूप-6 में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऐसे संभावित मतदाता जिनकी आयु 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे भी अग्रिम रूप से अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इस अवधि में बीएलओ द्वारा छूटे हुए मतदाताओं का सर्वेक्षण घर-घर जाकर किया जाएगा। राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी मतदान केंद्रों के बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा अधिक से अधिक नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने निवास क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर प्रारूप-6 में आवेदन प्रस्तुत करें तथा निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज कराना सुनिश्चित करें।





