धर्म-अध्यात्म

भागवत कथा का प्रत्येक प्रसंग मनुष्य के चरित्र और स्वभाव को सुधारता है- पं. दिलीप शर्मा

Share

सिरोल्या (अमर चौधरी)। भागवत कथा का प्रत्येक प्रसंग मनुष्य के चरित्र और स्वभाव को सुधारता है। कथा श्रवण करने पर श्रीकृष्ण के प्रति प्रेम ना हो, पाप से घृणा ना जागे, धर्म के प्रति प्रेरित ना हो तो ये समझना कि आपने कथा सुनी ही नहीं। पहले हम अपने मन को सुधारें, फिर जगत को सुधारने निकलें।

अपने चरित्र से यदि अपनी आत्मा को संतोष मिले, तभी मानो कि तुम्हारा स्वभाव सुधरा है।
ये आध्यात्मिक विचार ग्राम हापाखेड़ा में चंद्रवंशी खाती समाज धर्मशाला में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के दूसरे दिन व्यासपीठ से कथावाचक पं दिलीप शर्मा ने व्यक्त किए।

उन्होंने श्रीकृष्ण के प्रति गोपियों के प्रेम, नंद बाबा का प्रेम, यशोदा का वात्सल्य का वर्णन करते हुए प्रेम और करुणा का रस बरसाते हुए श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। कथा प्रसंग में मथुरा से कृष्णजी का आमंत्रण, कृष्ण का मथुरा जाना, कंस वध व सुदामा से मैत्री का वर्णन भी किया। हमें गोपी की तरह प्रेम, नंद बाबा की तरह दुलार और यशोदा की तरह वात्सल्य रखना होगा। उसके बाद ही हमारी संस्कृति श्रेष्ठ मानी जाएगी। मनुष्य में ज्ञान हो, उसमें भक्ति आ जाए यह आवश्यक नहीं हैं, लेकिन जिसमें भक्ति होगी उसमें ज्ञान स्वतः आ जाएगा। भगवान की प्राप्ति के लिए भक्ति का मार्ग सबसे सरल है। कलियुग में दु:खी के दुख दूर करने का सर्वश्रेष्ठ साधन भागवत कथा है। मन की शुद्धि के लिए इससे बढ़कर कोई साधन नहीं है। जन्म-जन्मांतर के पुण्य उदय होने पर भागवत कथा कहने-सुनने व पढ़ने का अवसर मिलता है।

भागवत पुराण वैष्णव का परम धन, पुराणों का तिलक, ज्ञानियों का चिंतन, संतों का मनन व भक्तों का वंदन है। ज्ञान और धन प्रतिष्ठा कमाने के लिए नहीं है, परमात्मा की प्राप्ति के लिए है। कथा में आसपास से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। अंत में व्यासपीठ की महाआरती हुई एवं महाप्रसादी वितरित की गई।

 

Back to top button