क्राइम

जंगल में सजा था जुए का अड्डा, पुलिस ने घेराबंदी कर 12 जुआरी पकड़े

Share

 

5.55 लाख रुपए नकद समेत 12.86 लाख की सामग्री जब्त

उदयनगर (बाबू हनवाल)। कांटाफोड़ थाना क्षेत्र की बैरागढ़ फॉरेस्ट चौकी के पास जंगल में जुआ खेल रहे लोगों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 12 जुआरियों को पकड़ा, जबकि कुछ लोग जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

मौके से 5.55 लाख रुपए नकद सहित मोबाइल फोन और वाहन जब्त किए गए हैं। मामले में पुलिस ने जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सौम्या जैन के मार्गदर्शन में जिले में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) संजयसिंह बैस बागली के नेतृत्व में थाना बागली जीवन भिण्डोर, थाना उदयनगर विजेंद्र सिंह सोलंकी, चौकी प्रभारी चापड़ा निरीक्षक राकेश सिंह चौहान एवं थाना प्रभारी कांटाफोड़ कैलाश चंद्र चौहान की संयुक्त पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घने जंगल में जुआ खेल रहे 12 व्यक्तियों को पकड़ा।

18 सितंबर की शाम लगभग 7:30 बजे विश्वसनीय मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि बैरागढ़ फॉरेस्ट चौकी के पास जंगल क्षेत्र में लगभग 25-30 व्यक्ति रुपये की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया और मौके पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी की गई। पुलिस की घेराबंदी देखकर जुआ खेल रहे व्यक्तियों में भगदड़ मच गई। पुलिस टीम ने पीछा कर 12 व्यक्तियों को मौके से पकड़ लिया, जबकि कुछ अन्य व्यक्ति जंगल एवं अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए।

पकड़े गए व्यक्तियों के कब्जे एवं मौके से नकदी, ताश की गड्डियां, मोबाइल फोन तथा वाहन जब्त किए गए। FIR में दर्ज संपत्ति विवरण के अनुसार कुल 5,55,100 रु नगद, 15 मोबाइल फोन, 1 कार एवं 5 मोटरसाइकिल सहित कुल ₹12,86,200 मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस द्वारा उक्त कार्रवाई के संबंध में थाना कांटाफोड़ में अपराध धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस की यह कार्रवाई अवैध जुआ गतिविधियों के विरुद्ध लगातार जारी अभियान का हिस्सा है। प्रकरण में फरार व्यक्तियों एवं पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर जानकारी एकत्रित की जा रही है।

उक्त दबिश में उल्लेखनीय भूमिका में संजय सिंह बैस एसडीओपी बागली, कार्यालय का स्टॉफ आरक्षक राजेश चौधरी, आरक्षक सुधीर, आशीष वर्मा, थाना प्रभारी बागली निरीक्षक जीवन भिड़ोरिया, प्रधान आरक्षक रविन्द्र कटारा, प्रधान आरक्षक करण, आरक्षक धर्मेन्द्र शाह, आरक्षक आशीष भाव, आरक्षक राजेश चौकी प्रभारी चापड़ा, निरीक्षक राकेश चौहान, थाना प्रभारी उदयनगर उप निरीक्षक विजेन्द्र सोलंकी, प्रधान आरक्षक दिनेश चौहान, आरक्षक अरुण गौर, आरक्षक राजकृष्ण रावत, आरक्षक भूरलाल डाबर, थाना प्रभारी कांटाफोड़ निरीक्षक कैलाश चन्द्र चौहान, उप निरीक्षक विजय बघेल, प्रधान आरक्षक अशोक शाह, प्रधान आरक्षक यतीश तिवारी, प्रधान आरक्षक रवीर सोलंकी, जयदेव एवं आरक्षक 613 दिनेश भावर शामिल थे।

Back to top button