प्रशासनिक

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: देवास जिले के 156 वरिष्ठ नागरिक करेंगे रामेश्वरम के दर्शन

Share

 

2 दिसंबर को होगी तीर्थ यात्रा की रवानगी, 7 दिसंबर को लौटेगा यात्रियों का दल

देवास। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से देवास जिले के 156 वरिष्ठ नागरिकों को दक्षिण भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल रामेश्वरम के दर्शन का अवसर मिलेगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने संशोधित यात्रा कार्यक्रम जारी कर दिया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रियों का दल 2 दिसंबर को देवास रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम के लिए रवाना होगा। छह दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद दल 7 दिसंबर को वापस देवास लौटेगा।

यात्रा के लिए जिले से कुल 156 यात्री रवाना होंगे। यात्रियों के प्रस्थान और वापसी, दोनों की व्यवस्था देवास रेलवे स्टेशन से निर्धारित की गई है। इस यात्रा के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र रामेश्वरम के दर्शन करने का अवसर मिलेगा।

जिला प्रशासन ने संशोधित कार्यक्रम के संबंध में संबंधित नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों और तहसील कार्यालयों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। साथ ही यात्रा से जुड़ी जरूरी व्यवस्थाएं और कार्रवाई समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उल्लेखनीय है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह यात्रा 4 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक वाराणसी-गया के लिए प्रस्तावित थी, लेकिन अब संशोधित कार्यक्रम के तहत यात्रियों को रामेश्वरम तीर्थ दर्शन कराया जाएगा।

Back to top button