शहर की सड़कों पर दौड़ा रहा था भारी कंटेनर, यातायात पुलिस ने घेराबंदी कर रोका

भोपाल चौराहे पर पुलिस के संकेत को भी किया नजरअंदाज, लालगेट पर घेराबंदी के बाद थमा भारी वाहन
देवास। शहर के व्यस्त मार्ग पर बुधवार को एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। एक भारी कंटेनर नो एंट्री एरिया में शहर के भीतर प्रवेश कर गया। उसे रोकने के लिए यातायात पुलिस को बड़ी मशक्कत करना पड़ी।
शहर में दिन में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है, लेकिन एक कंटेनर शहर में प्रवेश कर गया। भोपाल चौराहे पर यातायात कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने पुलिस की बात अनसुनी कर दी। इसके बाद पुलिस को दूसरे स्थान पर मोर्चा संभालना पड़ा। स्टेशन रोड के लालगेट चौराहे के पास बैरिकेड और क्रेन की मदद से रास्ता रोककर कंटेनर को काबू में लिया गया।
वाहन रुकने के बाद जो स्थिति सामने आई, उसने पुलिसकर्मियों की चिंता और बढ़ा दी। कंटेनर से उतरा चालक सामान्य स्थिति में नहीं था। वह ठीक से खड़ा होने और चलने में भी परेशानी महसूस कर रहा था। पुलिसकर्मियों के सवालों पर भी वह स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहा था। उसकी गतिविधियों से उसके नशे में होने का संदेह गहराता चला गया।
चाबी मांगने पर कैबिन में करता रहा तलाश-
मौके पर मौजूद यातायात पुलिसकर्मियों ने जब चालक से कंटेनर की चाबी मांगी तो उसे यह तक याद नहीं था कि चाबी कहां रखी है। कुछ देर तक वह कैबिन में अलग-अलग जगह तलाश करता रहा, तब जाकर चाबी पुलिसकर्मी को दे सका। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने वाहन को मुख्य मार्ग से हटवाकर अपने कब्जे में लिया।
गोरखपुर का रहने वाला है चालक-
पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम अकील पिता सरफराज और निवासी गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। उसकी शारीरिक स्थिति और बातचीत के तरीके को देखते हुए उसके नशे में होने की आशंका जताई गई। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के आधार पर ही हो सकेगी।
एक चूक बन सकती थी बड़े हादसे की वजह-
शहर के भीतर भारी वाहन का इस तरह तेज गति से गुजरना और चालक का असामान्य व्यवहार किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकता था। समय रहते यातायात पुलिस की कार्रवाई से संभावित दुर्घटना टल गई।
यातायात थाना प्रभारी पवन बागड़ी ने बताया कि उसे भोपाल चौराहा पर रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह नहीं रुका। हमारे जवानों ने कंटेनर को रुकवाकर जब्त किया है। चालक को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।




