सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम ने उठाए अहम मुद्दे
एमजी रोड पर पार्किंग, एबी रोड पर हॉकर जोन बनाने और ओवरलोड बसों पर कार्रवाई की मांग

देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम ने शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़े तीन महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
कांग्रेस प्रवक्ता हारिस गजधर ने बताया कि श्री गौतम ने एमजी रोड पर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, एबी रोड पर हॉकर जोन विकसित करने तथा इंदौर-उज्जैन मार्ग पर संचालित बसों की तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग पर नियमित कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
प्रयास गौतम ने कहा कि एमजी रोड शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, लेकिन यहां पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने कहा कि जब तक व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा विकसित नहीं होगी, तब तक यातायात समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। सड़क चौड़ीकरण के साथ पार्किंग व्यवस्था भी की जाना चाहिए। उन्होंने एबी रोड के किनारे बड़ी संख्या में ठेला एवं हाथठेला लगाकर व्यवसाय करने वाले व्यापारियों के लिए अलग से हॉकर जोन बनाने का सुझाव भी दिया।
उनका कहना है कि निर्धारित स्थान मिलने से छोटे व्यापारियों को सुविधा होगी और मुख्य मार्ग पर अव्यवस्था तथा यातायात बाधित होने की समस्या भी कम होगी।बैठक में उन्होंने यात्री बसों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा स्कूली बसों की नियमित जांच की जाती है, लेकिन इंदौर-उज्जैन मार्ग पर चलने वाली निजी बसों की तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग पर भी सख्ती से निगरानी रखी जानी चाहिए। उन्होंने हाल ही में एक ही बस संचालक की बस से दो दिन में दो बार दुर्घटना होने का उल्लेख करते हुए तेज रफ्तार में चलने वाली बसों पर नियमित रूप से कार्रवाई की मांग भी की।




