वाहनों की नियमित जांच के निर्देश, नियमों के उल्लंघन पर होगी ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई
मुख्य मार्गों पर अवैध कट पॉइंट बनाने वालों पर कार्रवाई करें – कलेक्टर श्री सिंह

गोवंश को मार्गों से हटाकर गौशालाओं में शिफ्ट करें
कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने यातायात व्यवस्था, महिला अपराध रोकथाम, एसटी/एससी अपराध, नशा मुक्ति, चिन्हित अपराध, गबन धोखाधड़ी और अवैध खनन संबंधी विषयों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन सहित जिला अधिकारीगण, पुलिस अधिकारी एवं जिला सडक सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग स्कूल बसों एवं यात्री बसों एवं अन्य वाहनों के फिटनेस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र (पीयूसी), बीमा तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण करे तथा क्षमता से अधिक यात्री बैठाने वाले वाहन संचालकों पर नियमानुसार कार्रवाई करें।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि गंभीर यातायात नियम उल्लंघन के मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी सुनिश्चित करें। उन्होंने जिले के सभी प्रमुख मार्गों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट का शॉर्ट टर्म एवं लॉन्ग टर्म प्लान बनाकर कार्य शीघ्र कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने देवास-भोपाल मार्ग पर सभी अवैध कट पॉइंट बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बंद किए गए कट पॉइंट यदि दोबारा खोले जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही टीआई भौंरासा एवं टीआई सोनकच्छ को भी अवैध कट पॉइंट खोलने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मुख्य मार्गों पर घूम रहे निराश्रित पशुओं को गौशालाओं में शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। राहवीर योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में चयनित 5 राहवीरों में से 4 को प्रोत्साहन राशि स्वीकृत हो चुकी है।कलेक्टर श्री सिंह ने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने एवं पात्र व्यक्तियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने आरटीओ एवं यातायात पुलिस को निर्देशित किया कि सभी बसें केवल निर्धारित बस स्टॉप पर ही रुकें। मार्ग में कहीं भी बस रोककर सवारी बैठाने वाले बस संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नियमित मॉनिटरिंग करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी बस निर्धारित स्टॉप की बजाय अन्य स्थानों पर यात्रियों को न बैठाए।
बैठक में स्मार्ट बस डॉक्यूमेंट मैनेजमेंट एप्लिकेशन के संबंध में प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। एप्लिकेशन के माध्यम से ड्रंक एवं ड्राइव जांच एवं बस की मॉनिटिंग की जा सकेगी। कलेक्टर श्री सिंह ने इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में जिले की कुछ बसों में लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने बस स्टॉप को भी इस प्रणाली में शामिल करने के निर्देश दिए, ताकि यह निगरानी की जा सके कि बसें निर्धारित स्टॉप पर रुक रही हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि पायलट प्रोजेक्ट सफल होने पर इस व्यवस्था को पूरे जिले में लागू किया जाएगा।
कलेक्टर श्री सिंह ने बरसात में गोवंश प्रबंधन की समीक्षा कर निर्देश दिए कि इस बात का विशेष ध्यान रखें की गोवंश मुख्य मार्गों पर नहीं बैठे। गोवंश मार्ग पर बैठते पाये जाये तो संबंधितों पर चालानी कार्यवाही करें। गोवंश को मार्गों से हटाकर गौशालाओं में शिफ्ट करने का कार्य करें। देवास-भोपाल, देवास-इंदौर और देवास-उज्जैन मार्ग पर एमपीआरडीसी और एनएच की गाडियां लगातार पेट्रोलिंग करती रहें। बैठक में पिछली बैठक के कार्यवाही विवरण की भी समीक्षा की गई तथा लंबित बिंदुओं पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।




