टावर पर चढ़ी महिला, नीचे मची हलचल… डायल-112 और बागली पुलिस ने सुरक्षित उतारा

संयम और संवेदनशीलता से पुलिस ने महिला को समझाया, पति के पहुंचने के बाद सुरक्षित उतरी नीचे
बागली। रविवार शाम ग्राम छतरपुरा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला टावर पर जा चढ़ी। सूचना मिलते ही डायल-112 और बागली पुलिस हरकत में आई। पुलिस की सूझबूझ और मानवीय पहल से आखिरकार महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
रविवार शाम करीब 4:40 बजे डायल-112 कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना बागली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छतरपुरा में एक महिला टावर पर चढ़ी हुई है तथा उसे तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही देवास डायल-112 कंट्रोल रूम में तैनात ड्यूटी ऑपरेटर प्रधान आरक्षक 125 संदीप पांड्या द्वारा नजदीकी एफआरवी क्रमांक-16 को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। एफआरवी में तैनात सैनिक गुलाबसिंह पटेल एवं पायलट प्रवीण पटेल तत्काल मौके पर पहुंचे। थाना बागली पुलिस भी मौके पर होकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी।
पुलिस टीम द्वारा स्थिति का जायजा लेने पर महिला टावर पर बैठी हुई मिली, जो कागज पर संदेश लिखकर नीचे मौजूद लोगों तक अपनी बात पहुंचा रही थी। पुलिस टीम ने अत्यंत संयम एवं संवेदनशीलता के साथ महिला से संवाद स्थापित कर उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाइश दी। महिला द्वारा अपने पति को मौके पर बुलाने की बात कही गई। उसकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए थाना बागली पुलिस द्वारा तत्काल पति से संपर्क कर उसे मौके पर बुलाया गया। पति के पहुंचने के पश्चात पुलिस टीम द्वारा महिला को पुनः समझाइश दी गई, जिसके बाद वह सुरक्षित रूप से टावर से नीचे उतर आई। महिला को एम्बुलेंस के माध्यम से प्राथमिक चिकित्सा हेतु अस्पताल भेजा गया। तत्पश्चात पुलिस द्वारा दोनों पक्षों से संवाद कर आवश्यक समझाइश दी गई, जिसके बाद महिला को उसके पति के साथ सकुशल रवाना किया गया।
उक्त सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना बागली पुलिस स्टाफ तथा डायल-112 एफआरवी क्रमांक-16 के सैनिक गुलाबसिंह पटेल एवं पायलट प्रवीण पटेल द्वारा तत्परता, संयम एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महिला की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। पुलिस की त्वरित कार्यवाही पर महिला के परिजनों एवं उपस्थित ग्रामीणों द्वारा देवास पुलिस तथा डायल-112 टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया।




